अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Bengaluru/Patna : बिहार का नाम आते ही अब तक लोगों के जेहन में खेती-किसानी, बाढ़ या फिर दूसरे राज्यों में काम करने जाने वाले मजदूरों की तस्वीर उभरती थी। लेकिन अब राज्य सरकार इस पुरानी छवि को पूरी तरह बदलने की तैयारी में जुट गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार को बड़े उद्योगों का नया ठिकाना बनाने की कवायद तेज हो गई है। इसी कड़ी में बिहार सरकार के उद्योग विभाग ने देश की आईटी राजधानी कहे जाने वाले बेंगलुरु में दस्तक दी। यहां आयोजित खास इन्वेस्टर्स मीट में बिहार की उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह और आला अधिकारियों ने 125 से ज्यादा बड़े उद्योगपतियों के सामने नए बिहार की तस्वीर पेश की।
टेक हब बेंगलुरु के अनुभव और बिहार के संसाधनों को जोड़ने की पहल
कार्यक्रम का माहौल किसी औपचारिक सरकारी बैठक जैसा नहीं, बल्कि भविष्य की साझेदारी तय करने जैसा था। उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता ने सभी मेहमानों का स्वागत किया और इसके तुरंत बाद बिहार में प्रस्तावित ‘इलेक्ट्रॉनिक सिटी’ का खाका सबके सामने रखा गया। उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने बेहद सरल शब्दों में समझाया कि बेंगलुरु और बिहार एक-दूसरे के पूरक कैसे बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि बेंगलुरु के पास तकनीक और कारोबार का दुनिया भर का अनुभव है, तो बिहार के पास भरपूर जमीन, काम करने वाले होनहार युवा और सरकार की मजबूत नीतियां हैं। उन्होंने उद्योगपतियों को भरोसा दिलाया कि बिहार में अब फाइलों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि एक समर्पित टीम हर निवेश प्रस्ताव को कागज से उतारकर जमीन पर हकीकत बनाने का काम करेगी।
सेमीकंडक्टर से लेकर फूड प्रोसेसिंग तक, हर सेक्टर में खुले मौके
इस मुलाकात में बिहार सरकार ने यह साफ कर दिया कि वह सिर्फ पारंपरिक उद्योगों तक सीमित नहीं रहना चाहती। बैठक में सेमीकंडक्टर, आईटी, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (GCC), टेक्सटाइल, कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) और फूड प्रोसेसिंग जैसे आधुनिक क्षेत्रों में निवेश के मौकों पर खुलकर बात हुई। उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने उद्योगपतियों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि आज बिहार की औद्योगिक कहानी नए सिरे से लिखी जा रही है और सरकार चाहती है कि बेंगलुरु के कारोबारी भी इस बदलाव के भागीदार बनें। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित इलेक्ट्रॉनिक सिटी बिहार की बड़ी सोच का प्रतीक है। मंत्री ने उद्योग जगत के दिग्गजों को न्योता देते हुए कहा कि वे अपने नए विचारों के साथ बिहार आएं, सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी मिलेगी।
सवाल-जवाब में टूटी झिझक, 9 शहरों के रोडशो के बाद फरवरी 2027 में महासम्मेलन
भाषणों के बाद जब सवाल-जवाब का दौर शुरू हुआ, तो उद्योगपतियों ने भी बिना किसी झिझक के बिहार में जमीन, बिजली, सुरक्षा और सरकारी मदद से जुड़े सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने मौके पर ही समाधान किया। दरअसल, यह पूरी कवायद अगले साल 17 और 18 फरवरी 2027 को बिहार में होने वाले मुख्य निवेश सम्मेलन ‘बिहार बिजनेस कनेक्ट 2027’ की जमीन तैयार करने के लिए है। इससे पहले देश के नौ बड़े शहरों में रोडशो किए जा रहे हैं, जिनमें बेंगलुरु का यह आयोजन बेहद सफल रहा। इस खास मौके पर कर्नाटक ड्रग्स एंड फार्मास्यूटिकल्स मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के सुरेश खन्ना, ELCITA के अध्यक्ष वीरप्पन, फेदरलाइट के एमडी मनोहर गोपाल, वेलनकनी ग्रुप के एमडी किरण शाह, मिरोन इंडिया जापान स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप के एमडी डॉ. जयंत कुमार और विरासत के एमडी योगेश नय्यर जैसी नामी हस्तियां मौजूद रहीं। बेंगलुरु की इस सकारात्मक बातचीत के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही दक्षिण भारत के कई बड़े उद्योग बिहार की धरती पर अपने कदम रखेंगे।
इसे भी पढ़ें : कृषि मंत्री ने दी किसानों को बड़ी राहत, अब सीधे QR कोड से मिलेगी खाद






