अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : आकाश नायक की संदिग्ध मौत को लेकर गोला क्षेत्र का माहौल गरमा गया है। इस मामले में आरोपित प्रेमिका मालती कुमारी की गिरफ्तारी के बावजूद लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ है। गुरुवार को आकाश के परिजनों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने साफ चेतावनी दी कि जब तक इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी को कठोर सजा नहीं मिल जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
डाक बंगला से डीवीसी चौक तक गूंजे न्याय के नारे
गुरुवार को गोला स्थित डाक बंगला परिसर से विरोध मार्च की शुरुआत हुई। हाथों में तख्तियां लिए परिजन और ग्रामीण नारेबाजी करते हुए मुख्य मार्गों से होकर डीवीसी चौक पहुंचे। चौराहे पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों ने आरोपित मालती कुमारी का पुतला फूंका और अपना विरोध दर्ज कराया। पुतला दहन के बाद सभी लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर दिवंगत आकाश नायक को भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। मार्च के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय पुलिस बल भी मुस्तैद नजर आया।
परिजनों ने लगाया जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप
प्रदर्शन में शामिल परिजनों और गांव के लोगों का कहना है कि आकाश की मौत कोई सामान्य घटना नहीं है, बल्कि इसके पीछे गहरी साजिश रची गई है। परिजनों ने आरोप लगाया कि मालती कुमारी ने साजिश के तहत आकाश को जहर दिया, जिससे उसकी जान चली गई। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस केस के हर पहलू की बारीकी से जांच की जाए, ताकि कोई भी सबूत छूटने न पाए और अदालत में दोष साबित होने पर आरोपित को सख्त से सख्त सजा मिल सके।
इलाज के दौरान हुई थी आकाश की मौत, जेल में है आरोपित
गोला थाना क्षेत्र के बनतारा गांव के रहने वाले आकाश नायक की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे इलाज के लिए रामगढ़ ले जाया गया था, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। आकाश की मौत के बाद से ही परिवार वाले उसकी प्रेमिका मालती कुमारी पर जहर देकर मारने का आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बुधवार को त्वरित कार्रवाई की और आरोपित मालती कुमारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।
इसे भी पढ़ें : राजधानी में भरोसे का खू’न, रोज स्कूल छोड़ने वाले ड्राइवर ने मासूम से की दरिंदगी






