अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : जिस ड्राइवर पर भरोसा कर माता-पिता अपनी मासूम बिटिया को रोज स्कूल भेजते थे, उसी ने उनके भरोसे का खून कर दिया। ड्राइवर ने बच्ची के साथ दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी ड्राइवर बच्ची को स्कूल ले जाने के बहाने हटिया स्थित अपने किराये के कमरे पर ले गया और वहां करीब चार घंटे तक बंधक बनाकर उसके साथ दरिंदगी की। घटना की शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपी जीतन को गिरफ्तार कर लिया है। घटना राजधानी रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र उछल कर सामने आई है।
स्कूल छोड़ने के बहाने हटिया के कमरे में ले गया आरोपी
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी जीतन हर दिन बच्ची को उसके घर से स्कूल छोड़ने और वापस लाने का काम करता था। लंबे समय से आने-जाने के कारण बच्ची और उसके परिवार वालों को उस पर पूरा भरोसा था। इसी जान-पहचान और विश्वास का फायदा उठाते हुए आरोपी ने मंगलवार सुबह करीब 10 बजे इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। वह बच्ची को स्कूल ले जाने के बजाय सीधे हटिया स्थित अपने किराए के मकान पर ले गया। वहां उसने मासूम को खाने-पीने की चीजें देकर बहलाया-फुसलाया और करीब चार घंटे तक उसके साथ गलत काम किया। जब स्कूल की छुट्टी का समय हुआ, तो आरोपी दोपहर करीब 2 बजे बच्ची को वापस उसके घर छोड़कर चला गया, ताकि किसी को शक न हो।
दर्द की शिकायत पर मां से लिपटकर रो पड़ी मासूम
घर लौटने के बाद बच्ची काफी डरी और सहमी हुई थी। कुछ देर बाद उसने अपने निजी अंगों में तेज दर्द होने की बात कही। बेटी की हालत देखकर मां को अनहोनी की आशंका हुई। जब मां ने प्यार से दुलारते हुए उससे पूछताछ की, तो मासूम फफक कर रो पड़ी और अपने साथ हुई पूरी आपबीती सुनाई। बच्ची की बात सुनकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। इसके बाद मां बिना देर किए जगन्नाथपुर थाने पहुंची और आरोपी ड्राइवर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
टेक्निकल सेल की मदद से पकड़ा गया दो शादियों वाला आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। हटिया डीएसपी नीरज झा ने मीडिया को बताया कि पीड़िता की मां से जानकारी मिलते ही पुलिस ने सबसे पहले मासूम को इलाज और मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं दूसरी तरफ आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की गई। पुलिस ने टेक्निकल सेल की मदद से आरोपी का लोकेशन ट्रेस किया और घेराबंदी कर ड्राइवर जीतन को धर दबोचा। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात भी सामने आई है कि गिरफ्तार आरोपी पहले से दो शादियां कर चुका है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
इसे भी पढ़ें : 5 राज्यों में 16 ठिकानों पर बिहार STF की रेड, सट्टेबाजी का इंटरनेशनल नेटवर्क ध्वस्त






