अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का सीधा असर अब झारखंड के मौसम पर दिखने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आज यानी 20 नवंबर को राज्य के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला रहेगा। आसमान में घने बादल छाए रहने के साथ ही राज्य के अनेक स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश और मेघ गर्जन की प्रबल संभावना है। राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में दिनभर बादल छाए रहेंगे और दो या अधिक बार हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। बारिश के कारण रांची के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और यह 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
ओडिशा तट से टकराएगा ‘अकवान’, झारखंड में अगले दो दिन तेज हवा और बारिश
मौसम विभाग की रिपोर्ट बताती है कि पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ 23 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। आज सुबह यह ओडिशा के गोपालपुर से लगभग 110 किलोमीटर दक्षिण में केंद्रित था। यह तूफान आज दोपहर से पहले गोपालपुर के करीब उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार करेगा। लैंडफॉल के दौरान हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी, जो झोंकों के साथ 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। भले ही इस तूफान का मुख्य केंद्र ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाके हैं, लेकिन इसके बाहरी बादलों के जमीन में प्रवेश करने से झारखंड में भी नमी बढ़ गई है। इसी वजह से राज्य में अगले दो दिनों तक तेज हवाओं के साथ भारी बारिश, वज्रपात और दिन के तापमान में गिरावट का असर देखने को मिलेगा।
आज रांची समेत 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, कल संथाल परगना में असर
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के मुताबिक, 20 नवंबर को पूरे राज्य में बादल छाए रहेंगे और लगभग सभी जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इसका सबसे ज्यादा असर दक्षिणी और मध्य झारखंड के जिलों पर पड़ेगा। विभाग ने इन दोनों क्षेत्रों के कुल 13 जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है। इनमें पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद जिला शामिल हैं। चक्रवात के आगे बढ़ने के साथ ही कल यानी 21 नवंबर को बारिश की गतिविधियों का केंद्र राज्य के उत्तरी हिस्सों की ओर खिसक जाएगा। मौसम विभाग ने 21 नवंबर को उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की चेतावनी दी है।
दिन में बढ़ेगी ठंडक और रात का पारा चढ़ेगा, 22 नवंबर से साफ होगा मौसम
चक्रवाती तूफान के कारण राज्य के तापमान में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। राजधानी रांची और इसके आसपास के इलाकों में आज और 21 नवंबर को अधिकतम तापमान गिरकर 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। पारा सामान्य से कम होने के कारण लोगों को दिन में हल्की ठंडक का अहसास होगा। दूसरी ओर, आसमान में घने बादल छाए रहने की वजह से न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। रांची में अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। मौसम साफ होने के बाद यानी 22 नवंबर से अधिकतम तापमान फिर से बढ़कर 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और रात के तापमान में भी मामूली गिरावट दर्ज की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : LRDC-CO-SDO-सब रजिट्राट समेत 7 अफसरों के ठिकानों पर ACB की रेड




