अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Muzaffarpur : बिहार के मुजफ्फरपुर में शादी के 21 साल बाद एक विवाहिता की हत्या कर शव गायब करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सदर थाना क्षेत्र के सर गणेश दत्त नगर में रहने वाली 40 वर्षीय सोनी सिंह के संदिग्ध हालात में लापता होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। सोनी की मां ने अपने दामाद नितेश सिंह समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ थाने में हत्या और सबूत मिटाने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। मायके वालों का आरोप है कि पति के नाजायज रिश्ते का विरोध करने पर सोनी की जान ले ली गई और लाश को ठिकाने लगा दिया गया। घटना के बाद से ही आरोपी पति और ससुराल के सभी सदस्य घर में ताला जड़कर फरार हैं।
नाजायज रिश्ते के विरोध में प्रताड़ना और हत्या की आशंका
मृतका की मां ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि सोनी सिंह की शादी साल 2005 में पारू थाना क्षेत्र के मिर्जापुर लालू छपरा निवासी नितेश सिंह से हुई थी। शादी के बाद दंपती ने सदर थाना क्षेत्र के सर गणेश दत्त नगर में अपना मकान बनाया था और वहीं रह रहे थे। परिजनों का आरोप है कि पिछले कुछ सालों से नितेश सिंह का किसी दूसरी महिला के साथ नाजायज रिश्ता चल रहा था। जब सोनी को इस बात की भनक लगी तो उन्होंने इसका कड़ा विरोध शुरू कर दिया। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था और पति नितेश लगातार सोनी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। मायके वालों को आशंका है कि पति ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर सोनी की हत्या कर दी है।
तबीयत खराब होने का फोन आया, घर पहुंचे तो लटका था ताला
परिजनों के मुताबिक, 18 नवंबर की रात दामाद नितेश सिंह ने फोन कर सूचना दी कि सोनी की तबीयत अचानक काफी खराब हो गई है। यह खबर सुनते ही सोनी की मां और परिवार के अन्य सदस्य घबराकर सर गणेश दत्त नगर स्थित उनके घर पहुंचे। लेकिन वहां पहुंचते ही उनके होश उड़ गए, क्योंकि घर के मुख्य दरवाजे पर बड़ा सा ताला लटका हुआ था। आसपास पूछताछ करने पर भी कुछ पता नहीं चला और नितेश समेत ससुराल के सभी लोगों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ आने लगे। मायके वालों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन सोनी का कहीं कोई सुराग नहीं लग सका।
पुलिस ने बुलाई एफएसएल की टीम, फरार आरोपियों की तलाश जारी
सोनी का पता नहीं चलने पर मां ने सदर थाने पहुंचकर पति समेत छह लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर थानेदार नवलेश कुमार आजाद ने तुरंत जांच शुरू कर दी है। थानेदार ने बताया कि आरोपी के घर पर ताला लटका होने से पुलिस का संदेह और गहरा गया है। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के आसपास से कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिनकी वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया गया है। फिलहाल लापता विवाहिता का कोई पता नहीं चल पाया है और पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
इसे भी पढ़ें : प्रखंड प्रमुख के ठिकानों पर EOU का छापा, आय से 260% अधिक संपत्ति का खुलासा




