अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh : रामगढ़ में एक बार फिर अपराधियों ने तांडव मचाया है। बीती रात करीब साढ़े 11 बजे सिरका कोलियरी के कांटा घर के पास एक लोड हाइवा पर पहले तो ताबड़तोड़ गोलियां बरसायी, फिर उसी हाइवा को फूंक डाला। मिली जानकारी के अनुसार हाइवा ब्रेकडाउन होकर रुका हुआ था, जब अपराधियों ने वहां धावा बोला। उन्होंने वहां मौजूद लोगों को हथियार के बल पर धमकाया और दो राउंड गोली चलाई, जो हाइवा के बोनट पर लगी। इसके बाद, अपराधियों ने अपने साथ लाए पेट्रोल को हाइवा पर छिड़ककर उसमें आग लगा दी और फरार हो गए।
वारदात की फैली खबर के बाद इलाके में तहलका मच गया। मिली सूचना पर रामगढ़ पुलिस आज यानी रविवार की भोर में स्पॉट पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला गया। फुटेज में दो संदिग्ध व्यक्ति कैद हुए हैं, जिनकी पहचान की जा रही है। सीसीटीवी में यह साफ दिख रहा है कि अपराधी बाइक से पहुंचे थे और उनके हाथ में एक जेरीकेन था। वे दोनों लोग कोलियरी के मेन इंट्रेंस से अंदर गए और तुरंत बाहर आ गए। यह संभावना जताई जा रही है कि हाईवा के पास पहले से ही कुछ अन्य अपराधी भी मौजूद थे।
इस घटना की जिम्मेदारी राहुल दुबे गैंग ने ली है। राहुल दुबे ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें जलता हुआ हाईवा दिख रहा है। यह वीडियो काफी दूर से बनाया गया है। साथ ही, राहुल दुबे ने एक पर्चा भी जारी किया है, जिसमें लिखा है, “सिरका लोकल सेल समिति, यह तो अभी ट्रेलर है, आगे इससे भी बड़ा धमाका होगा।” उन्होंने राणा ट्रेडर्स कंपनी पर भी नियम लागू होने की बात कही है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और संदिग्धों की पहचान के लिए प्रयास जारी हैं।
इसे भी पढ़ें : ‘मु’र्दों का इलाज’ कर माल कमाने में झारखंड के तीन नामी अस्पताल



