अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। अपराधी का नाम अजय कुमार बताया गया। वह देवघर जिले का रहने वाला है। उसकी निशानदेही पर एक एयर कंडिशनर (एसी), एक फ्रिज और दो मोबाईल फोन बरामद किये गये हैं। इस बात की जानकारी आज DIG सह रांची पुलिस कप्तान चंदन कुमार सिन्हा ने मीडिया के साथ साझा की है।
SSP चंदन सिन्हा ने बताया कि बीते 28 मई को साइबर क्राइम थाना में रांची के सदर थाना क्षेत्र के कोकर के शिव शक्ति नगर के रहने वाले सूरज ने एक आवेदन दिया, जिसमें उन्होंने लिखा था कि 20 मई को आरबीएल के क्रेडिट कार्ड के चार्ज कटने के नाम पर व्हाट्सएप में लिंक और एपीके फाइल भेजकर कुल एक लाख आठ हजार 479 रुपये की अवैध निकासी कर अमेज़न से आर्डर कर लिया गया है। उक्त आवेदन के आधार पर साइबर थाना में मामला दर्ज कर SIT का गठन किया गया।
पुलिस को तफ्तीश के क्रम में साइबर अपराध थाना से मिली टेक्निकल डेटा से पता चला कि पीड़ित के क्रेडिट कार्ड से ठगे गये रकम का इस्तेमाल एसी, फ्रिज और मोबाईल फोन खरीदने में हुआ है। इन सामानों को आर्डर कर देवघर डिलीवर किया गया है। इसके बाद SIT और सोनारायठाढ़ी थानेदार की मदद से साइबर अपराधी अजय कुमार को गिरफ्तार किया गया और उसकी निशानदेही पर आर्डर किए गए पार्सल को बरामद किया गया।
पुलिस को गिरफ्तार साइबर अपराधी ने बताया कि वह एपीके फाईल भेजकर साइबर ठगी की घटना को अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर अंजाम देता था। पैसे से ऑनलाइन सामान ऑर्डर कर मंगा लेता था। कभी-कभी पैसे को अन्य साइबर अपराधियों के बैंक खाते में ट्रांस्फर कर उनसे कैश के रूप में ले लेता था। पुलिस इस मामले में शामिल अन्य छह अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
इसे भी पढ़ें : डिजिटल अरेस्ट कर खाते में उड़ा लेते थे माल, CID ने तीन शातिर को दबोचा



