अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : राजद अध्यक्ष लालू यादव के जन्मदिन पर बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की तस्वीर को अपने पैर के समीप रखे जाने के विरोध में भाजपा अब सड़क पर उतर आई है। भाजपा एससी मोर्चा के लोगों ने पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव का पुतला फूंका। भाजपा नेताओं ने कहा कि बाबा साहेब का अपमान भाजपा कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।
भाजपा एससी मोर्चा के कार्यकर्ता भाजपा प्रदेश कार्यालय के पास एकत्रित हुए और इनकम टैक्स गोलंबर तक मार्च निकाला। इस दौरान लालू यादव और राजद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। इसके बाद इनकम टैक्स चौराहा पर लालू यादव का पुतला दहन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे भाजपा के विधायक लखेन्द्र पासवान ने कहा कि लालू यादव ने साहेब भीमराव अंबेडकर की तस्वीर का अपमान किया है और दलित समुदाय उन्हें (लालू प्रसाद को) आने वाले समय में सबक सिखाएगा। लालू प्रसाद यादव और उनके पूरे परिवार को इस पाप के लिए सजा भुगतने के लिए तैयार रहना चाहिए। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर कोई साधारण व्यक्ति नहीं थे। वह दलितों के मसीहा थे। दलित समुदाय इस अपमान का बदला लेगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हो या उनके सहयोगी, इन लोगों का चाल, चलन यही है। ये दलितों और पिछड़ों को अपमानित करते रहे हैं।
इस प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम में राधामोहन शर्मा, कुंवर विजय पासवान, प्रदीप राउत, मिलन रजक, अरूण नटराज, महेश पासवान, भोला भास्कर, सुमन भारती, संजय पासवान, श्याम सुंदर रजक, सतीश पासवान, सुबोध पासवान सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल थे।
इसे भी पढ़ें : बच्चे की टी-शर्ट को लेकर हुआ लफड़ा, फिर शनि राम का हो गया काम तमाम
इसे भी पढ़ें : सासाराम से ब्राउन शुगर लाकर रांची में बेचने वाला एक और धराया
इसे भी पढ़ें : काशी कॉरिडोर के रेड जोन में नजर आए तेजप्रताप, वायरल वीडियो से हड़कंप



