अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Deoghar : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला का विधिवत उद्घाटन देवघर में आज यानी गुरुवीर को कर दिया गया है। झारखंड सरकार के तीन मंत्रियों…. पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार, श्रम मंत्री संजय यादव और पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर मेले की शुरुआत की। 11 जुलाई से यह मेला औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगा। इस बार श्रद्धालु सुल्तानगंज से दुम्मा द्वार होते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचेंगे और जलाभिषेक कर सकेंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए AI टेकनीक का हो रहा इस्तेमाल : मंत्री सुदिव्य कुमार
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि इस बार मेले में अब तक के सबसे खास और आधुनिक इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने देवघरवासियों से अपील की है कि वे श्रद्धालुओं के साथ सहयोग और अच्छा व्यवहार करें। पर्यटन मंत्री ने यह भी बताया कि अगले सावन के लिए भी तैयारी शुरू हो चुकी है। अगले साल तक देवघर में दो फ्लाईओवर बनाने की योजना है, जिससे यातायात और श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान होगी। CM हेमंत सोरेन को भी इस उद्घाटन समारोह में शामिल होना था, लेकिन वह रांची में केंद्रीय गृह मंत्री की बैठक में भाग लेने के कारण उपस्थित नहीं हो सके।
झारखंड की सकारात्मक छवि दुनिया के सामने पेश सरकार की कोशिश : मंत्री दीपिका पांडेय सिंह
पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने जिला प्रशासन की तैयारियों की तारीफ करते हुए कहा कि श्रावणी मेला झारखंड के सबसे बड़े आयोजनों में से एक है। इसमें न सिर्फ आसपास के राज्यों से, बल्कि देश और दुनिया से श्रद्धालु आते हैं। इसलिए सरकार की कोशिश है कि झारखंड की सकारात्मक छवि दुनिया के सामने पेश की जाए।
श्रावणी मेला पूरे संथाल परगना क्षेत्र के लिए लाभकारी : मंत्री संजय यादव
श्रम मंत्री संजय यादव ने कहा कि यह मेला सिर्फ देवघर ही नहीं, बल्कि पूरे संथाल परगना क्षेत्र के लिए लाभकारी है। लोग पूरे साल इस मेले का इंतजार करते हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग इस मेले की सफलता के माध्यम से अपनी संस्कृति और सभ्यता का परिचय दें।
फीता काटने से पहले तीनों मंत्रियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बाबा मंदिर में वैदिक मंत्रों के साथ पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने दुम्मा द्वार से प्रवेश करने वाले श्रद्धालुओं के साथ “बम बम भोले” का जयकारा लगाया।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर विधायक सुरेश पासवान, विधायक देवेंद्र कुंवर, विधायक उदय शंकर सिंह, डीसी नमन प्रियेश लकड़ा, एसपी एपी डुंगडुंग, सीडीओ रवि कुमार, डीडीसी पीयूष सिंहा, एनडीसी शैलेश कुमार, एसडीपीओ अशोक सिंह, पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख, जेएमएम संजय शर्मा सहित कई गणमान्य मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : राशन कारोबारी को सरेराह गो’लियों से भून डाला, CCTV खंगाल रही पुलिस



