अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Palamu : पांचवीं क्लास में पढ़ने वाले एक बारह साल के बच्चे की एक आंख स्कूल में बुरी तरह चोटिल हो गयी। चोट इतनी जोर की लगी कि उसके आंख की काली पुतली फट गयी। इल्जाम है कि स्कूल के ही एक टीचर ने उसे पीटा है। जिससे बच्चे की एक आंख बुरी तरह डैमेज हो गयी है। बच्चे का इलाज निजी क्लिनीक में किया गया, जहां उसकी हालत को देखते हुए रांची रेफर कर दिया गया। स्कूल का नाम मां उग्रतारा एकेडमी बताया गया। यह स्कूल पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के जीएलए कॉलेज से आगे बारहलोटा हनुमान नगर में है। जख्मी बच्चे का घर भी बारहलोटा में ही है। वहीं, आरोपी टीचर का नाम विकास कुमार उर्फ विक्की बताया गया।
मिली जानकारी के अनुसार बच्चे को आरोपी टीचर के साथ अस्पताल भेजा गया। जब परिजन बच्चे के पास पहुंचे तो उन्हें डॉक्टर ने बताया कि बच्चे की एक आंख की काली पुतली फट गयी है। उसका ऑपरेशन करना होगा, रांची ले जाना पड़ेगा। परिजनों का इल्जाम है कि डॉक्टर के पास ले जाकर शिक्षक एवं अन्य स्कूल स्टॉफ फरार हो गए। रांची रेफर किए जाने से बच्चे के परिजनों का बुरा हाल है। उन्होंने जिला प्रशासन से बच्चे की समुचित इलाज एवं दोषी शिक्षक पर कार्रवाई का आग्रह किया है।
इधर, स्कूल के प्राचार्य बबन सिंह ने बताया कि क्लास रूम में शिक्षक विकास उर्फ विक्की किसी दूसरे छात्र को छड़ी से मार रहे थे। अचानक छड़ी टूट गयी एवं टुकड़ा वाले हिस्से से कोने में बैठे अंश की आंख में चोट लग गयी। स्थानीय स्तर पर निजी डॉक्टर के पास इलाज कराया गया, लेकिन रांची ले जाने की सलाह दी गयी। रांची इलाज के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : नशे के पांच सौदागर धराये, रांची से यूपी ले जा रहे थे 150 किलो माल

