अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Betiyah : शिकारपुर थाना पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पल्सर बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी कट्टा, दो जिंदा गोलियां, 38 हजार रुपये नकद, एक चोरी की मोटरसाइकिल, डिक्की खोलने का औजार, आधार कार्ड, चेकबुक और पासबुक बरामद की गई है। बेतिया पुलिस कप्तान के निर्देश पर गाड़ियों की चेकिंग बीते 21 जुलाई की रात करीब 10:15 बजे जुड़ी मियां टोला स्थित पुल के पास की गई। वाहन जांच के दौरान पल्सर बाइक को रोका गया। बाइक पर सवार दोनों युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उनकी तलाशी ली गई।
गिरफ्तार युवकों की पहचान कटिहार जिले के कोढा थाना क्षेत्र के नया टोला जुडावानगंज निवासी सुजल कुमार (पिता- साजन यादव) और जितेंद्र कुमार यादव (पिता- स्व. वसंत यादव) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि बरामद 20 हजार रुपये की राशि 21 जुलाई को शिकारपुर थाना क्षेत्र में एक बाइक की डिक्की से चोरी की गई थी, जबकि 18 हजार रुपये 18 जुलाई को बेतिया नगर थाना क्षेत्र में ठगी के जरिये हड़पे गए थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शिकारपुर थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इसे भी पढ़ें : नीतीश को उनके घर में घेर लेंगे, पुलिस-प्रशासन कुछ नहीं कर पाएगा : प्रशांत किशोर



