अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे राजनीतिक दल अब सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने लगे हैं। बुधवार को प्रशांत किशोर का संगठन जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ता और नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ज्ञापन देने विधानसभा पहुंचे, लेकिन उन्हें पुलिस ने सरदार पटेल गोलंबर पर ही रोक दिया। इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया, जिसमें एक कार्यकर्ता घायल हो गया।
प्रशांत किशोर ने सरकार पर बोला हमला
जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने इस घटना के बाद राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “हम शांतिपूर्ण तरीके से मुख्यमंत्री को जनता का ज्ञापन सौंपना चाहते थे, लेकिन हमें मिलने नहीं दिया गया। अगर सरकार इसी तरह रोकेगी तो आने वाले दिनों में ऐसा जवाब देंगे कि पूरा बिहार देखेगा।” प्रशांत किशोर ने कहा कि यह सिर्फ शुरुआत है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “नीतीश कुमार को उनके घर में घेर लेंगे, एक लाख लोगों को लेकर आएंगे, पुलिस-प्रशासन कुछ नहीं कर पाएगा।”
ज्ञापन में एक करोड़ लोगों के हस्ताक्षर
प्रशांत किशोर ने बताया कि उनके पास एक ज्ञापन है, जिसमें एक करोड़ लोगों के हस्ताक्षर हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने दो साल पहले 94 लाख परिवारों को दो-दो लाख रुपये देने का वादा किया था, लेकिन आज तक किसी को एक रुपया भी नहीं मिला है।
बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े समर्थक, पुलिस ने की कार्रवाई
प्रशांत किशोर अपने समर्थकों के साथ विधानसभा का घेराव करने निकले थे। जैसे ही समर्थक बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े, पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की और लाठीचार्ज किया। इसी दौरान एक कार्यकर्ता घायल हो गया।
मनीष कश्यप ने भी साधा निशाना
इस मौके पर जन सुराज के नेता मनीष कश्यप ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने भूमिहीनों को जमीन और युवाओं को दो-दो लाख रुपये देने का वादा किया था, लेकिन अब तक किसी को लाभ नहीं मिला। उन्होंने दावा किया कि आने वाले तीन-चार महीने में सरकार बदल जाएगी।
विधानसभा सत्र के चलते रोका गया था प्रदर्शन
बता दें कि बिहार विधानसभा का मानसून सत्र चल रहा है, जिसके चलते सुरक्षात्मक कारणों से प्रशांत किशोर और उनके समर्थकों को शहर के सरदार पटेल गोलंबर पर ही रोक दिया गया था। जन सुराज पार्टी का यह प्रदर्शन आने वाले चुनाव से पहले बिहार की राजनीति में नई हलचल पैदा कर सकता है।
इसे भी पढ़ें : प्रशांत किशोर ने अशोक चौधरी पर बोला जबरदस्त हमला… जानें क्या



