अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार के बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगों को अपनी पेंशन के लिए अब बैंक और दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने होंगे। सीएम सम्राट चौधरी ने साफ कर दिया है कि पेंशनधारियों को उनकी मदद की रकम तय समय पर हर हाल में मिलेगी। सरकार ने फैसला लिया है कि अब से हर महीने की 10 तारीख को पूरे राज्य में ‘पेंशन दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इस तय तारीख पर बिना किसी देरी के सीधे लाभुकों के बैंक खातों में डीबीटी यानी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के जरिए पेंशन की राशि भेज दी जाएगी। सरकार के इस कदम से राज्य के 1 करोड़ 8 लाख से भी ज्यादा जरूरतमंदों को बड़ी राहत मिलेगी।
सीएम वृद्धजन योजना में सबसे ज्यादा 58 लाख लाभार्थी
समाज कल्याण विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर महीने में राज्य के कुल 1,08,36,005 लाभार्थियों को पेंशन की मदद पहुंचाई गई। इनमें सबसे बड़ा हिस्सा बुजुर्गों का है। अकेले मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के तहत ही 58 लाख 31 हजार 921 बुजुर्गों को पेंशन दी जा रही है। इसके अलावा केंद्र सरकार की इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना से 25 लाख 15 हजार से ज्यादा बुजुर्ग जुड़े हैं। वहीं, विधवा महिलाओं के लिए चल रही लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से 9 लाख से अधिक और केंद्र की राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना से करीब 5.56 लाख महिलाओं को मदद मिल रही है। दिव्यांगजनों के लिए चल रही दोनों योजनाओं के जरिए भी करीब 10.29 लाख लोगों को आर्थिक संबल दिया जा रहा है।
छह योजनाओं के सहारे चल रही सामाजिक सुरक्षा, राशि बढ़कर 1100 रुपए हुई
राज्य में कुल छह अलग-अलग पेंशन योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इनमें से तीन योजनाएं केंद्र सरकार की हैं और तीन योजनाएं पूरी तरह से बिहार सरकार चला रही है। सरकार ने हाल ही में सामाजिक सुरक्षा पेंशन की मासिक राशि को बढ़ाकर 1100 रुपए प्रति लाभुक कर दिया है। सरकार का मकसद साफ है कि पेंशन का पूरा सिस्टम इतना पारदर्शी और समयबद्ध बने कि किसी भी गरीब को अपनी दवा या राशन के लिए दूसरों के आगे हाथ न फैलाना पड़े। 60 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों, बेसहारा महिलाओं और दिव्यांगों को मिलने वाली इस मदद से वे स्वाभिमान के साथ अपना जीवन जी पा रहे हैं।
“राज्य सरकार समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों को आर्थिक सुरक्षा देने के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है। सीएम सम्राट चौधरी के निर्देश पर हर महीने की 10 तारीख को पेंशन दिवस मनाने की जो शुरुआत हुई है, उससे अब किसी भी बुजुर्ग, विधवा या दिव्यांग को पैसे के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। हमारा एकमात्र लक्ष्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति इस योजना से छूटे नहीं और हर महीने समय पर सीधी मदद उनके खाते में पहुंचे।” – डॉ. श्वेता गुप्ता, मंत्री, समाज कल्याण विभाग
इसे भी पढ़ें : बिहार की कल्याण योजनाओं को केंद्र के मंच पर रखा, डॉ. श्वेता गुप्ता बोलीं- समन्वय से काम में आएगी तेजी