अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : मुंगेर जिले के लिए 4 अक्टूबर 2025 का दिन ऐतिहासिक साबित होने वाला है। इस दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जिलेवासियों को बड़ी सौगात देंगे। वे 250 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मदर डेयरी के मिल्क प्रोसेसिंग यूनिट का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही मुंगेर से सुल्तानगंज तक गंगा मरीन ड्राइव सहित कई विकास परियोजनाओं का भी शुभारंभ करेंगे।
सीएम के साथ मौजूद रहेंगे कई दिग्गज नेता
मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे जमालपुर पहुंचेंगे। उनके साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल और केंद्रीय राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन भी शामिल होंगे। सबसे पहले सीएम बियाडा में मदर डेयरी प्लांट की भूमि पूजन और शिलान्यास करेंगे।
जेएसए ग्राउंड में जनसभा व विकास योजनाओं का शुभारंभ
इसके बाद जमालपुर के जेएसए ग्राउंड में मुख्यमंत्री गंगा मरीन ड्राइव और अन्य योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। साथ ही लाभुकों से संवाद कर विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। जमालपुर गोल्फ ग्राउंड में हेलीकॉप्टर लैंडिंग के लिए हेलिपैड बनाया गया है। वहीं, जेएसए ग्राउंड में वाटरप्रूफ पंडाल, स्टॉल और सुरक्षा व्यवस्था की विशेष तैयारी की गई है।
मुंगेर में औद्योगिक विकास की नई राह
स्थानीय लोगों का मानना है कि कई वर्षों बाद जमालपुर को मदर डेयरी जैसी बड़ी औद्योगिक परियोजना मिल रही है। लौह नगरी और रेल कारखाना के लिए प्रसिद्ध यह इलाका अब औद्योगिक क्रांति का नया केंद्र बनेगा। इस प्रोजेक्ट से युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और शहर का समग्र विकास होगा।
इसे भी पढ़ें : आदित्य साहू को मिली झारखंड BJP की बड़ी जिम्मेदारी… जानें क्या

