अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : पटना एयरपोर्ट से शिवहर निवासी वेणु चैतन्य (25 वर्ष) रहस्यमय तरीके से लापता हो गए हैं। वे बेंगलुरु की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे और दिवाली की छुट्टियों में 16 अक्टूबर को इंडिगो फ्लाइट से पटना पहुंचे थे।
उनके पिता रामस्वरूप राय के मुताबिक, शाम लगभग 6:34 बजे तक उनकी बेटे से फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद अचानक मोबाइल स्विच ऑफ हो गया और अब तक कोई संपर्क नहीं हो सका।
गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज, CCTV में दिखे आखिरी बार
परिजनों ने 17 अक्टूबर को पटना एयरपोर्ट थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस जांच में पाया गया कि वेणु ने एयरपोर्ट से बाहर निकलने के बाद दो बार रैपिडो बाइक बुकिंग की थी, लेकिन दोनों बार राइड कैंसिल हो गई।
पुलिस को एयरपोर्ट टोल गेट के पास का CCTV फुटेज मिला है, जिसमें वेणु आखिरी बार दिखाई दिए। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला।

पुलिस ने शुरू की जांच, CDR और सोशल मीडिया खंगाले जा रहे हैं
थानेदार जितेंद्र राणा ने बताया कि FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल मामला लापता व्यक्ति का ही माना जा रहा है, अपहरण की कोई पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने वेणु का कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और सोशल मीडिया अकाउंट्स — फेसबुक, इंस्टाग्राम, ईमेल — की जांच शुरू कर दी है, ताकि किसी संभावित सुराग तक पहुंचा जा सके।
इसे भी पढ़ें : बिहार विस चुनाव : चिराग की इस महिला कैंडिडेट का नामांकन रद्द… जानें क्यों

