अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : बिहार में बीते 24 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। छपरा, रोहतास, सीवान और गोपालगंज में हालात सबसे गंभीर हैं। जगह-जगह पानी भर गया है, जिसके चलते स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद कर दिया गया है।
फसल और सड़कें जलमग्न
भारी बारिश से किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं। राजधानी पटना के कई मोहल्ले जलभराव से प्रभावित हैं। बाइपास इलाकों में घरों तक पानी घुस गया है। वहीं, रोहतास में बारिश ने बाढ़ का रूप ले लिया है। कई गांव पानी से घिरे हुए हैं, और एसडीआरएफ की टीम लोगों को सुरक्षित निकाल रही है।
रेलवे ट्रैक और मकान ध्वस्त
रोहतास जिले में रेलवे ट्रैक पर पानी चढ़ गया है। सासाराम और डेहरी के पास ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है। प्रतापगढ़ मोहल्ले में 20 कच्चे मकान गिर गए, जिससे कई लोग घायल हुए। प्रशासन ने सोन नदी किनारे अलर्ट जारी कर दिया है।
बिजली और स्कूल बंद
सारण में बारिश को देखते हुए पूरे शहर की बिजली काट दी गई है। जिलाधिकारी ने स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद करने का आदेश दिया। सीवान में भी जलभराव के कारण कक्षा 1 से 12 तक सभी सरकारी और निजी विद्यालय बंद कर दिए गए हैं।
चंपारण और गोपालगंज में भी संकट
पूर्वी चंपारण के मोतिहारी और आसपास के इलाकों में 10 घंटे से बारिश जारी है। वहीं, गोपालगंज में सदर अस्पताल परिसर तक पानी भर गया है। नेशनल हाईवे-27 पर पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ है।
कहां कितनी बारिश?
सिवान के महाराजगंज में 324.6 मिमी, भोजपुर के जगदीशपुर में 290.4 मिमी और पूर्वी चंपारण के केसरिया में 250.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। सिवान और सारण में रेड अलर्ट, छपरा में ब्लैक अलर्ट, जबकि अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसे भी पढ़ें : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पहुंचे पटना, राजनीतिक पार्टियों संग करेंगे अहम बैठक

