अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : जदयू ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में पार्टी और गठबंधन उम्मीदवारों के खिलाफ काम करने वाले नेताओं पर कड़ी कार्रवाई की है। पार्टी ने एक दर्जन नेताओं को 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है।
निष्कासित नेताओं में औरंगाबाद, सिवान, गया, दरभंगा, जहानाबाद और सहरसा जिलों के नेता शामिल हैं।
किन जिलों के नेताओं पर हुई कार्रवाई
प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा की ओर से जारी पत्र के अनुसार:
- औरंगाबाद से 2 नेता
- सहरसा से 2 नेता
- सिवान से 2 नेता
- जहानाबाद से 4 नेता
- गया से 1 नेता
- दरभंगा से 1 नेता
सभी नेताओं को 6 वर्ष के लिए पार्टी से बाहर कर दिया गया है।

तीन सदस्यीय समिति की रिपोर्ट बनी आधार
यह कार्रवाई पार्टी की ओर से गठित तीन सदस्यीय अनुशासन समिति की रिपोर्ट के आधार पर की गई है। समिति ने जांच के दौरान पाया कि इन नेताओं ने पार्टी और गठबंधन प्रत्याशियों के खिलाफ काम किया था।
समिति ने कुल 6 बैठकें की थीं और उपलब्ध सबूतों के आधार पर कार्रवाई की सिफारिश की थी।
संजय झा को सौंपी गई थी जांच रिपोर्ट
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय झा के पटना दौरे के दौरान उन्हें अनुशासन समिति की रिपोर्ट सौंपी गई थी।
इस समिति की अध्यक्षता चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी कर रहे थे। इसके सदस्य पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार और मुख्यालय प्रभारी अनिल कुमार थे। वरिष्ठ नेता और जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी की मौजूदगी में रिपोर्ट दी गई थी।
जदयू प्रवक्ता ने क्या कहा
जदयू प्रवक्ता अरविंद निषाद ने बताया कि पार्टी उम्मीदवारों और जिला अध्यक्षों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर जांच समिति बनाई गई थी।
उन्होंने कहा कि पुख्ता सबूत मिलने के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने सभी दोषी नेताओं पर कार्रवाई की है।
आगे और नेताओं पर हो सकती है कार्रवाई
पार्टी सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में और भी नेताओं पर कार्रवाई हो सकती है। जदयू नेतृत्व पार्टी में अनुशासन बनाए रखने के लिए सख्त रुख अपनाए हुए है।
जहानाबाद में लोकसभा और विधानसभा दोनों चुनावों में हार के बाद पार्टी को अंदरूनी गतिविधियों की शिकायतें मिली थीं। अन्य जिलों में भी गठबंधन दलों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई थी।
पार्टी पहले भी अनुशासन तोड़ने वाले नेताओं पर कार्रवाई कर चुकी है।
इसे भी पढ़ें : बच्चों से बुजुर्गों तक, अनगड़ा स्वास्थ्य मेला में हर चेहरे पर मुस्कान



