अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को आयोजित कैबिनेट बैठक में बिहारवासियों को बड़ी सौगात दी। इस बैठक में कुल 129 एजेंडों पर मुहर लगी। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सड़क, शहरी विकास, पुलिस, सामाजिक कल्याण समेत कई विभागों से जुड़े अहम फैसले लिए गए।
छात्रों को तीन गुना छात्रवृत्ति
सरकार ने विद्यालयी शिक्षा में छात्रवृत्ति योजनाओं का विस्तार किया है। कक्षा 1 से 4 तक के छात्रों को अब 1200 रुपये, 5 से 6 के छात्रों को 2400 रुपये और 9वीं–10वीं के छात्रों को 3600 रुपये वार्षिक छात्रवृत्ति मिलेगी। पिछड़ा और अति पिछड़ा वर्ग के छात्रों के लिए भी राशि बढ़ाई गई।
कृषि और ग्रामीण विकास को बढ़ावा
कृषि विभाग में 218 नए पदों के सृजन के साथ फसल बीमा, बीज वितरण और उत्पादन बढ़ाने की योजनाओं को मंजूरी दी गई। गंडक कमांड एरिया और सिंचाई परियोजनाओं पर भारी खर्च का प्रावधान किया गया।
सड़क और पुल परियोजनाओं को मिली हरी झंडी
पथ निर्माण विभाग के तहत 12,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से नई सड़कों, पुलों और बाइपास का निर्माण होगा। इससे अलग-अलग जिलों को सीधा लाभ मिलेगा।
स्वास्थ्य और चिकित्सा क्षेत्र में बड़ा फैसला
राज्य में नए अस्पताल भवन और मेडिकल कॉलेज बनाए जाएंगे। सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पासआउट एमबीबीएस और पीजी डॉक्टरों को तीन साल की अनिवार्य सेवा करनी होगी। ‘मिशन निरोगी बिहार’ और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन को और मजबूत बनाने का फैसला भी हुआ।
उद्योग और शहरी विकास योजनाएं
कैबिनेट ने बिहार क्लस्टर आधारित उद्योग अधिनियम 2025 को मंजूरी दी। पटना मेट्रो रेल परियोजना, स्मार्ट सिटी, गंगा जल आपूर्ति और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट्स के लिए भी अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत की गई। बांकीपुर बस स्टैंड में पीपीपी मोड पर पांच सितारा होटल बनाने का भी निर्णय हुआ।
पर्यावरण और वन विभाग को मजबूती
मुंगेर स्थित वानिकी महाविद्यालय में नए पदों का सृजन, राष्ट्रीय डॉल्फिन शोध केंद्र और संजय गांधी जैविक उद्यान के संचालन के लिए अतिरिक्त पदों को मंजूरी दी गई। साथ ही नौ नए वन प्रमंडलों के गठन की भी स्वीकृति दी गई।
इसे भी पढ़ें : CM ने 25 लाख महिलाओं के खाते में डाले 25 करोड़, बोले- मिलेगी आर्थिक आजादी

