अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद राज्य में नई सरकार गठन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। जीत के साथ ही यह लगभग तय हो गया है कि नीतीश कुमार एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे और यह उनका दसवां कार्यकाल होगा। चुनाव परिणाम आते ही शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों में तेज़ी आ गई है।
19 या 20 नवंबर को होगा शपथ ग्रहण
सूत्रों के अनुसार नीतीश कुमार 19 नवंबर और 20 नवंबर के बीच किसी एक दिन मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। आयोजन को लेकर सरकार और प्रशासन दोनों पूरी तरह सक्रिय हैं। अमर उजाला ने परिमाण की रात ही साफ कर दिया था कि इस भव्य आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हो सकते हैं। अब यह चर्चा और भी तेज हो गई है।
गांधी मैदान में होगा भव्य आयोजन
इस बार शपथ ग्रहण पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित किया जाएगा। दरअसल, राजभवन स्थित राजेंद्र मंडपम में इस समय मरम्मत का काम चल रहा है, जिसके चलते वैकल्पिक स्थान की जरूरत पड़ी। गांधी मैदान में बड़े पैमाने पर तैयारियाँ चल रही हैं।
करीब 5000 वीवीआईपी अतिथियों के बैठने के लिए विशेष खंड बनाया जा रहा है, जिसमें सुरक्षा, आवागमन और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
PM मोदी, अमित शाह समेत कई दिग्गजों का जमावड़ा संभव
नीतीश कुमार के इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और कई विपक्षी चेहरे भी मौजूद हो सकते हैं।
इस बार का आयोजन आकार और उपस्थिति दोनों में काफी बड़ा माना जा रहा है, जिससे बिहार की राजनीति में नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है।
इसे भी पढ़ें : नीतीश कुमार की जीत पर शत्रुघ्न सिन्हा ने क्या कह दिया… जानें

