अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी इकाई (SVU) ने शुक्रवार को जोरदार कार्रवाई करते हुए जहानाबाद में पदस्थापित डीएसपी संजीव कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति रखने के मामले में तीन जिलों – पटना, जहानाबाद और खगड़िया में एक साथ छापेमारी की। बताया जा रहा है कि डीएसपी पर 1 करोड़ 52 लाख रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।
कई जिलों में एक साथ छापा, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
SVU की यह कार्रवाई पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बन गई है। एक साथ तीन जिलों में छापेमारी से हड़कंप मच गया है। टीम ने डीएसपी के घर, ठिकानों और संभावित निवेश से जुड़े स्थानों पर दबिश दी।
पहले से चल रही थी तैयारी
सूत्रों के अनुसार, संजीव कुमार ने अपने पद का दुरुपयोग कर भारी मात्रा में अवैध कमाई की। निगरानी इकाई के पास पहले से पुख्ता सबूत थे, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। फिलहाल टीम ने बरामद दस्तावेजों, संपत्ति और अन्य रिकॉर्ड्स को जब्त कर लिया है, जिनका मूल्यांकन किया जा रहा है।
निगरानी इकाई ने खुद दर्ज किया मामला
इस पूरे मामले में SVU ने पटना निगरानी थाना में स्वतः संज्ञान लेकर केस दर्ज किया है। छापेमारी की संवेदनशीलता को देखते हुए अधिकारी अभी बयान देने से बच रहे हैं।
अब तक की सबसे बड़ी छापेमारी
यह छापा अब तक डीएसपी स्तर के अधिकारी पर की गई सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। SVU की टीम डीएसपी के बैंक खातों, प्रॉपर्टी और निवेश से जुड़ी हर जानकारी की गहन जांच में जुटी है। निगरानी विभाग के अनुसार, छापेमारी खत्म होने के बाद बरामद दस्तावेजों और संपत्ति की पूरी जानकारी मीडिया को दी जाएगी।

