अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : बिहार में सड़क अवसंरचना को मजबूत करने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने NH-139 पर दो प्रमुख बाईपास परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इसमें अरवल बाईपास के लिए 665.50 करोड़ और दाउदनगर बाईपास के लिए 288.28 करोड़ रुपये की स्वीकृति शामिल है। कुल मिलाकर 953.78 करोड़ रुपये की लागत से ये परियोजनाएं विकसित की जाएंगी।
बाईपास से यातायात सुगमता और प्रदूषण में कमी
अरवल और दाउदनगर में बाईपास बनने से भारी वाहनों का मार्ग शहरों के भीतर से हटकर बाहरी मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा। इससे ट्रैफिक जाम, ध्वनि प्रदूषण और वायु प्रदूषण में कमी आएगी। दोनों बाईपासों के साथ सिटी साइड सर्विस रोड का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में अतिरिक्त सुविधा मिलेगी और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
व्यापार, माल ढुलाई और पर्यटन को मिलेगा लाभ
इन बाईपासों के निर्माण से पटना, अरवल, दाउदनगर और औरंगाबाद के बीच यात्रा समय में कमी आएगी। इसके साथ ही व्यापारिक गतिविधियों, माल ढुलाई, औद्योगिक क्षेत्र, कृषि उत्पादों के परिवहन और पर्यटन विकास को भी नई गति मिलेगी। यह NH-139 को उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच एक मजबूत आर्थिक गलियारे के रूप में स्थापित करेगा।
इसे भी पढ़ें : गिल होंगे दो फॉर्मेट के कप्तान, बुमराह को वनडे से आराम

