अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Deoghar : देवघर जिले के मशहूर बाबा बैद्यनाथ धाम में महाशिवरात्रि की सुबह से ही भारी भीड़ देखने को मिल रही है। सुबह 4 बजे से ही मंदिर का पट खोल दिया गया और श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ पर रुद्राभिषेक और जलाभिषेक करने पहुंच रहे हैं। मंदिर के पुजारी आलोक नाथ बाबा बताते हैं कि हर साल की तरह इस साल भी भक्त सुबह से ही जल और बेलपत्र चढ़ाने के लिए कतार में लग गए हैं। बाबा धाम में आकर श्रद्धालुओं की हर मनोकामना पूरी होती है, यही कारण है कि लोग यहां हर साल बड़े उत्साह के साथ आते हैं।
मंदिर के सभी द्वारों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। देवघर के पुलिस अधीक्षक सौरव भी सुबह से ही सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते दिख रहे हैं। मंदिर के बाहर शिवराम झा चौक से लेकर जलसार मोड तक श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी हुई है।
शाम 6 बजे होगी शिव बारात
महाशिवरात्रि की खास परंपरा के तहत शाम 6 बजे के.के. एन स्टेडियम से शिव बारात निकाली जाएगी। इस बारात में आकर्षक झांकियों और रंगीन प्रस्तुतियों के साथ कई मनभावन दृश्य देखने को मिलेंगे। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार बारात में कई विशिष्ट अतिथि भी शामिल होंगे। संभावना है कि राज्य की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, सुदिव्य सोनू और हफीजुल हसन अंसारी भी इस बारात में शामिल होंगे।
झांकियों में 12 ज्योतिर्लिंग और साइबर दैत्य
शिव बारात स्टेडियम से निकलकर बजरंगी चौक, टावर चौक, आजाद चौक, भैरो बाजार, नरसिंह टॉकीज रोड, शिक्षा सभा, चांदनी चौक होते हुए बैद्यनाथ लेन से मंदिर के पूरब द्वार में प्रवेश करेगी।
इस बार झांकियों का खास आकर्षण है :
- साइबर दैत्य झांकी – साइबर अपराध के प्रति जागरूकता के लिए
- 12 ज्योतिर्लिंग झांकी – श्रद्धालुओं को सभी ज्योतिर्लिंग दर्शन करवाए जाएंगे
- बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ झांकी
- कलयुग थीम झांकी
- कल्कि अवतार झांकी
- भगवान गणेश की झांकी
इसके अलावा कलाकार देवी-देवताओं, भूत-प्रेतों, साधु-संतों और राक्षसों के रूप में प्रस्तुति देंगे और माहौल को भक्तिमय बनाएंगे।
तासा दल, बैंड पार्टी और लोकनृत्य से महफिल रंगीन
बारात में लगभग 15 से 20 तासा दल, बैंड पार्टी, भांगड़ा दल, घोड़े-ऊंट और सांस्कृतिक टीमें शामिल होंगी। छऊ और लोकनृत्य की प्रस्तुतियां माहौल को और भी रंगीन बनाएंगी। महाशिवरात्रि की खास परंपरा शिव विवाह का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें सिंदूरदान की रस्म श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण होगी। पूरे शहर में शिव धुन गूंज रही है।
इसे भी पढ़ें : हाथियों को खदेड़ने निकली QRT पर टूटा कहर, दो वर्दी वालों की गई जान

