अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची के चुटिया स्थित RSS यानी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के झारखंड प्रदेश कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम सैफ अंसारी, अमन अंसारी उर्फ गोलू और सायम सुजान बताए गए। तीनों आरोपी लोहरदगा के रहने वाले हैं। पुलिस का दावा है कि तीनों आरोपियों ने पूछताछ में वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है। इस बीच मुख्य आरोपी सैफ अंसारी ने पुलिस हिरासत से दो बार भागने की कोशिश की। पहली बार वह कोतवाली थाना परिसर के शौचालय से फरार हो गया और दूसरी बार मांडर में पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर भागने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी का इलाज अस्पताल में चल रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब इसकी आगे की जांच झारखंड एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) करेगी।
16 जून की रात हुई थी पेट्रोल बम फेंकने की वारदात
एसएसपी राकेश रंजन ने मीडिया को बताया कि बीते 16 जून की रात चुटिया के निवारणपुर स्थित RSS के झारखंड प्रदेश कार्यालय पर अज्ञात लोगों ने पेट्रोल बम फेंका था। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। चुटिया थाना में इस मामले में गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। शुरुआती जांच के बाद एसएसपी के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के संयुक्त नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच से मिली बड़ी सफलता
एसआईटी ने सबसे पहले घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की गई। इन्हीं सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी राज्य छोड़कर भागने की तैयारी में हैं। इसके बाद पुलिस ने तुरंत अलग-अलग टीमों को सक्रिय किया।
कोडरमा स्टेशन के पास दबोचे गए दो आरोपी
बोकारो और कोडरमा पुलिस की मदद से गझंडी रेलवे स्टेशन के पास सैफ अंसारी और अमन अंसारी उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। उन्होंने पुलिस को बताया कि इस घटना में उनका तीसरा साथी सायम सुजान भी शामिल था। इसके बाद पुलिस ने रांची में छापेमारी कर सायम सुजान को भी गिरफ्तार कर लिया।
नाले के पास मिले वारदात वाले कपड़े
पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने पुलिस को कई अहम जानकारियां दीं। उनकी निशानदेही पर घटना के समय पहने गए कपड़े लोअर बाजार थाना क्षेत्र के एक नाले के पास से बरामद किए गए। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई रैपिडो कैब के रूप में उपयोग की गई एक सेंट्रो कार और चार स्मार्टफोन भी पुलिस ने जब्त किए हैं। अब इन मोबाइल फोन की जांच की जा रही है ताकि आरोपियों के संपर्क और उनकी गतिविधियों की पूरी जानकारी मिल सके।
किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े हैं आरोपी
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में कुछ ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। इसलिए इस बात से पूरी तरह इनकार नहीं किया जा सकता कि आरोपियों के तार किसी अंतरराष्ट्रीय मॉड्यूल या बड़े नेटवर्क से जुड़े हों। इसी वजह से एसएसपी ने मामले की जांच झारखंड एटीएस को सौंपने का अनुरोध किया था। सरकार से मंजूरी मिलने के बाद अब पूरे मामले की आगे की जांच एटीएस करेगी।
शौचालय से फरार हुआ आरोपी
गुरुवार दिन के करीब साढ़े 11 बजे गिरफ्तार आरोपी सैफ अंसारी को कोतवाली थाना परिसर लाया गया था। उसने शौच जाने की बात कही। पुलिसकर्मी उसे शौचालय तक लेकर गए। पुलिस के अनुसार, सैफ ने मौके का फायदा उठाया और शौचालय के वेंटिलेशन की ग्रिल और शीशा तोड़कर वहां से भाग निकला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया और सभी थाना प्रभारियों को उसकी तलाश में लगा दिया गया।
मांडर में फिर भागने की कोशिश, पुलिस ने चलाई गोली
कुछ ही देर बाद मांडर थाना क्षेत्र के चामा मोड़ के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस ने सैफ अंसारी को दोबारा पकड़ लिया। लेकिन यहां भी उसने पुलिस अभिरक्षा से भागने की कोशिश की। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और भागने लगा। इसके बाद आत्मरक्षा और उसे रोकने के लिए पुलिस ने फायरिंग की। गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे काबू में कर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
अब ATS की जांच पर टिकी नजर
इस पूरे मामले ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। अब ATS यह पता लगाएगी कि पेट्रोल बम हमला केवल स्थानीय स्तर पर रची गई साजिश थी या इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क का हाथ है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों, मोबाइल डेटा और आरोपियों के संपर्कों की भी गहराई से जांच कर रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
इसे भी पढ़ें : RSS दफ्तर पेट्रोल बम कांड का आरोपी कस्टडी से फरार, एनका’उंटर में लगी गोली

