अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : सीएम हेमंत सोरेन ने झारखंड से नव निर्वाचित राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा कि वे संसद के उच्च सदन में राज्य की जनता की भावनाओं, उम्मीदों और जनहित से जुड़े मुद्दों को पूरी मजबूती के साथ उठाएंगे। मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्यसभा सदस्य चुने जाने पर बधाई देते हुए सफल संसदीय पारी के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
मुख्यमंत्री आवास में हुई मुलाकात
गुरुवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में नव निर्वाचित राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच राज्य और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। सीएम ने कहा कि राज्यसभा में झारखंड के विकास, अधिकार और जनता की अपेक्षाओं से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाना बेहद महत्वपूर्ण है और उन्हें विश्वास है कि बैद्यनाथ राम इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे।
बैद्यनाथ राम ने जताया आभार
बैद्यनाथ राम ने सीएम हेमंत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, वह उसे पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री का धन्यवाद देते हुए भरोसा दिलाया कि राज्यसभा में झारखंड के हितों को प्राथमिकता देंगे।
कई मंत्री और विधायक भी रहे मौजूद
इस अवसर पर मंत्री हफीजुल हसन, मंत्री सुदिव्य कुमार, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक मथुरा प्रसाद महतो और विधायक उमाकांत रजक भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने बैद्यनाथ राम को राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर शुभकामनाएं दीं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
इसे भी पढ़ें : झारखंड रास चुनाव : परिमल-बैजनाथ ने मारी बाजी, प्रणव की दावेदारी ध्वस्त

