अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड हाई कोर्ट के तत्वावधान में आयोजित 2nd ऑल इंडिया जजेज बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026 का शुभारंभ शनिवार को रांची के खेलगांव स्थित ठाकुर विश्वनाथ शहदेव इंडोर स्टेडियम में हुआ। उद्घाटन समारोह में न्यायपालिका और खेल जगत का अनोखा संगम देखने को मिला।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ उद्घाटन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान ने न्यायमूर्ति रोंगोन मुखोपाध्याय, न्यायमूर्ति अनुभा रावत चौधरी और भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान निक्की प्रधान के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।
खेल से बढ़ती है कार्यक्षमता : चीफ जस्टिस
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान ने कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि मानसिक तनाव को भी कम करते हैं। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका जैसे जिम्मेदार क्षेत्र में कार्यरत पदाधिकारियों के लिए ऐसे आयोजन आपसी सौहार्द और सकारात्मक सोच को मजबूत करते हैं।

देश के 9 हाई कोर्ट के जज ले रहे हिस्सा
यह राष्ट्रीय स्तर का टूर्नामेंट 3 से 4 जनवरी 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। प्रतियोगिता में देश के 9 उच्च न्यायालयों से आए कुल 31 जज भाग ले रहे हैं। इनमें झारखंड, इलाहाबाद, मद्रास, तेलंगाना, बॉम्बे, ओडिशा, राजस्थान, केरल और कर्नाटक हाई कोर्ट शामिल हैं।
चार श्रेणियों में हो रहे मुकाबले
टूर्नामेंट में मेन सिंगल्स, मेन डबल्स, वूमेन सिंगल्स और मिक्स्ड डबल्स की चार श्रेणियों में मुकाबले खेले जा रहे हैं। पहले दिन के मैचों में खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ बेहतरीन प्रदर्शन किया और दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।

सुविधाओं और सुरक्षा के तगड़े इंतजाम
आयोजन को सफल बनाने के लिए खेलगांव परिसर में आधुनिक बैडमिंटन कोर्ट, खिलाड़ियों के ठहरने और विश्राम की व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रतियोगिता के संचालन में जिला प्रशासन रांची की भूमिका सराहनीय रही।
नवाजे गया रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री
इस अवसर पर न्यायमूर्ति रोंगोन मुखोपाध्याय ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन और बेहतर प्रशासनिक समन्वय के लिए रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री को सम्मानित किया।

इसे भी पढ़ें : सही-सलामत लौटें घर… इसके लिए रांची में बड़ा अभियान… जानें

