अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड CID की रांची साइबर क्राइम थाना टीम ने एक ऐसी साइबर साजिश का पर्दाफाश किया है जिसने निवेश के नाम पर लोगों की मेहनत की कमाई को लूट लिया। या ये कहें कि उन्हें दिवालिया कर दिया। फर्जी इनवेस्टमेंट और ट्रेडिंग ऐप के जरिये देशभर के निवेशकों से 8.36 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की गई। इस सिलसिले में मध्यप्रदेश के सिवनी जिले से पवन गौड़ नाम के साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया गया है। करीब 24 साल का पवन गौड़ इतना शातिर है कि लोगों को झांसे में लेकर उनके खाते से रकम ट्रांसफर करवा लेता था। CID की DSP नेहा बाला ने बताया कि यह कार्रवाई कांड संख्या 109/25 और 110/25 (10 सितंबर 2025) के तहत की गई। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, कई फर्जी सिमकार्ड और WhatsApp चैट बरामद किए गए हैं, जिनसे ठगी के पुख्ता सबूत मिले हैं।
पहला मामला : “FYERS HNI” ऐप से 3.75 करोड़ की ठगी
इस मामले में पीड़ित को “FYERS SECURITIES PRIVATE LIMITED” नाम के एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। ग्रुप में “निवेश से दोगुना मुनाफा” जैसी बातें कर भरोसा जीता गया और फिर “FYERS” नामक फर्जी ऐप डाउनलोड करने को कहा गया। ऐप में निवेश के बाद झूठा मुनाफा दिखाया गया, जिससे पीड़ित को लगा कि वह असली ट्रेडिंग कर रहा है। धीरे-धीरे उसने कई बैंक खातों में कुल 3.75 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब रकम निकालने गया, तो ऐप और ग्रुप दोनों गायब थे।
दूसरा मामला : “NOMURA & GTF” के नाम पर 4.61 करोड़ की ठगी
दूसरा मामला Facebook विज्ञापन के जरिये हुआ। पीड़ित को “NOMURA & GTF” नाम के फर्जी इनवेस्टमेंट ग्रुप से जोड़कर “NOMURA” नामक ऐप डाउनलोड कराया गया। यहां भी झूठे ग्राफ और नकली प्रॉफिट स्क्रीन दिखाकर लोगों को भरोसा दिलाया गया। नतीजा… 4.61 करोड़ रुपये निवेश के नाम पर गायब।
“मुनाफा दिखा, तो लगा कि किस्मत खुल गई”
एक पीड़ित ने CID को बस इतना बताया कि “पहले दिन मुनाफा दिखा, तो लगा कि किस्मत खुल गई। लेकिन अगले ही हफ्ते सब कुछ गायब था… पैसे, ऐप, ग्रुप, उम्मीद… सब। मैं तो दिवालिया हो गया”
15 राज्यों में फैला ठगी का नेटवर्क
CID जांच में Central Bank of India के खाते (A/C No. 5824260671) का इस्तेमाल सामने आया। National Cyber Crime Reporting Portal से मिली जानकारी के अनुसार, इसी खाते के खिलाफ 15 राज्यों से कुल 51 शिकायतें दर्ज हैं। इन राज्यों में आंध्र प्रदेश, असम, बिहार, दिल्ली, गोवा, केरल, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, झारखंड, तेलंगाना, महाराष्ट्र, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल शामिल है।
साइबर पुलिस की चेतावनी
CID ने आम जनता को आगाह किया है —
- किसी भी WhatsApp, Telegram या Google Ads के माध्यम से मिले इनवेस्टमेंट लिंक पर क्लिक न करें।
- किसी अनजान बैंक खाते या UPI ID में पैसे ट्रांसफर न करें।
- निवेश केवल सरकार द्वारा अधिकृत वेबसाइट या एप्लिकेशन पर ही करें।
- किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत Cyber Helpline 1930 पर कॉल करें या वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
CID की विशेष टीम कर रही काम
DSP नेहा बाला ने कहा कि ठगी में शामिल अन्य बैंक खातों, डिजिटल वॉलेट्स और व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। CID की विशेष टीम गिरोह के बाकी सदस्यों तक पहुंचने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

