अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Palamu : पलामू जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एसपी रीष्मा रमेशन के नाम पर किसी शातिर ने फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बना लिया है। इस फर्जी नंबर से लोगों को मैसेज कर संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। जैसे ही इसकी जानकारी एसपी तक पहुंची, उन्होंने तुरंत अलर्ट जारी कर दिया।
इस नंबर से हो रहा है संपर्क
जानकारी के मुताबिक 7061147269 नंबर से एसपी के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर व्हाट्सएप अकाउंट बनाया गया है। इसी नंबर से कुछ लोगों को मैसेज भी भेजे गए हैं। एसपी ने साफ कहा है कि यह नंबर उनका नहीं है और न ही इस नंबर से भेजे जा रहे किसी मैसेज से उनका कोई लेना-देना है। उन्होंने लोगों से कहा है कि ऐसे किसी भी मैसेज पर भरोसा न करें।

हो सकती है ठगी की कोशिश
पुलिस को शक है कि फर्जी अकाउंट बनाकर किसी तरह की ठगी की योजना हो सकती है। अक्सर साइबर अपराधी बड़े अधिकारियों के नाम का इस्तेमाल कर लोगों को भरोसे में लेते हैं और फिर पैसे या निजी जानकारी मांगते हैं। हालांकि अभी तक किसी से ठगी होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन पुलिस इसे गंभीरता से ले रही है।
मुख्यालय और सीनियर अफसरों को दी सूचना
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तुरंत इसकी जानकारी झारखंड पुलिस मुख्यालय, उपायुक्त, डीआईजी पलामू और अन्य वरीय अधिकारियों को दे दी है। साथ ही पूरे जिले में सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।
लोगों से साफ अपील… सतर्क रहें
एसपी ने कहा है कि अगर इस नंबर से किसी को कॉल या मैसेज आए तो तुरंत नजदीकी थाने को सूचना दें। किसी भी तरह का ओटीपी, बैंक डिटेल या निजी जानकारी साझा न करें। अगर पैसे की मांग की जाए तो बिल्कुल भी प्रतिक्रिया न दें।
साइबर टीम जुटी जांच में
पुलिस की साइबर टीम इस नंबर की जांच में जुट गई है। कोशिश की जा रही है कि जल्द से जल्द फर्जी अकाउंट बनाने वाले की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस का कहना है कि आज के समय में साइबर ठग नए-नए तरीके अपनाते हैं। इसलिए थोड़ा सतर्क रहना बेहद जरूरी है। एक छोटी सी लापरवाही बड़ा नुकसान कर सकती है।
इसे भी पढ़ें : बच्चों के निवाले पर डाका, फिर डीसी का प्रिंसिपल पर कड़ा एक्शन

