अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Godda : नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर गोड्डा पुलिस भी पूरी तरह अलर्ट मोड में है। अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत देवड़ाड़ थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देवड़ाड़ थाना के सियरकटिया गांव में पुराने बंद पड़े खदान के पास एक मकान में नकली विदेशी शराब बनाने की फैक्ट्री चल रही थी। यहीं से गांजा की खरीद बिक्री भी की जा रही थी। यह पूरा कारोबार लंबे समय से गुपचुप तरीके से संचालित हो रहा था।
गुप्त सूचना के बाद बनी संयुक्त छापामारी टीम
4 फरवरी को एसपी मुकेश कुमार को गुप्त सूचना मिली। इसके बाद गोड्डा एसडीपीओ के नेतृत्व में देवड़ाड़, पोडैयाहाट, सुंदरपहाड़ी, मुफस्सिल और गोड्डा नगर थाना की संयुक्त टीम गठित की गई।
छापेमारी में भारी मात्रा में अवैध सामग्री बरामद
पुलिस ने एलबेस्टर के मकान की घेराबंदी कर तलाशी ली। मौके से बड़े पैमाने पर नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का खुलासा हुआ।
छापेमारी में पुलिस ने करीब 40 किलो गांजा, 90 बोरियों में रखी 8640 बोतल नकली विदेशी शराब, लगभग 40 लीटर तैयार नकली शराब, शराब बनाने के उपकरण, यूपी सरकार के होलोग्राम, रॉयल चैलेंज कंपनी के लेबल, खाली बोतलें, ढक्कन, ड्रम, एक आल्टो कार, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।

सात आरोपी गिरफ्तार, सभी गोड्डा के निवासी
इस मामले में कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में विजय भगत, प्रीतम कुमार यादव, मुन्ना यादव, रविंद्र कुमार, फुलसर कुमार, जोगेंद्र कुमार और शहबाज अंसारी शामिल हैं। सभी आरोपी गोड्डा जिले के अलग अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं।
न्यायिक हिरासत, फरार आरोपियों की तलाश जारी
देवड़ाड़ थाना में मामला दर्ज कर सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य फरार लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : “पलामू से रांची और रांची से पटना तक AK-47 रेडी है”, कुख्यात आजाद का पोस्ट वायरल

