अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ के बरकाकाना ओपी क्षेत्र के मुंडा ढाबा के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें तेलियातू बस्ती का एक युवक मौत के मुंह में चला गया और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मारुति फ्रॉन्क्स कार और पल्सर 150 बाइक के बीच आमने-सामने टक्कर में हुआ।
टक्कर इतनी जबरदस्त कि बाइक सवार गिरे
जानकारी के अनुसार, मारुति फ्रॉन्क्स (JH02BS-5512) भुरकुंडा से रामगढ़ की ओर जा रही थी, जबकि पल्सर 150 (JH24E-9539) रामगढ़ की दिशा से बरकाकाना की ओर आ रही थी। मुंडा ढाबा के पास दोनों गाड़ियां आमने-सामने टकरा गयी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और बेतरह जख्मी हो गये।
मदद के लिए पहुंचे आसपास के लोग
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को उठाया और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान तेलियातू बस्ती निवासी युवक के रूप में की गई है। दूसरे घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज चल रहा है।
कार चालक मौके से फरार
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद कार चालक वहां से भाग निकला। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस अब फरार चालक की तलाश कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
तेज रफ्तार और लापरवाही फिर बनी मौत का कारण
स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक और जान ले ली। उन्होंने प्रशासन से इस तरह के हादसों को रोकने के लिए सड़क पर यातायात नियंत्रण बढ़ाने और संभावित खतरनाक स्थलों पर चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है।
इसे भी पढ़ें : रंग और रोजे के मौसम में प्रशासन अलर्ट, खाद्य विभाग ने मारा छापा



