अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : हरियाणा के IPS अधिकारी और ADGP वाई पूरण कुमार का बुधवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-25 श्मशान घाट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनकी बेटियों ने पिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे। अंतिम संस्कार में हरियाणा सरकार और पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें डीजीपी ओपी सिंह, आईपीएस मोहम्मद अकील, एडीजीपी आलोक मित्तल, आईएएस राजेश खुल्लर, सुधीर राजपाल और पंकज गुप्ता शामिल थे।
चार घंटे तक चला पोस्टमार्टम
अंतिम संस्कार से पहले पीजीआई चंडीगढ़ में करीब चार घंटे तक पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चली। इसके बाद शव को सेक्टर-24 स्थित सरकारी आवास पर लाया गया और फिर श्मशान घाट ले जाया गया। पीजीआई प्रशासन ने बताया कि पोस्टमार्टम विधिवत गठित मेडिकल बोर्ड द्वारा सभी कानूनी प्रक्रियाओं के तहत किया गया है। रिपोर्ट एसआईटी को सौंपी जाएगी।
IAS पत्नी बोली- पुलिस और न्यायपालिका पर पूरा भरोसा
ADGP की पत्नी IAS अमनीत पी कुमार ने कहा कि उन्हें पुलिस और न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। उन्होंने पोस्टमार्टम के लिए सहमति देते हुए कहा कि जांच पूरी पारदर्शिता से, मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में और वीडियोग्राफी के साथ की जाए। अमनीत ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि जांच निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से पूरी होगी ताकि सच्चाई सामने आए और न्याय मिले।
अदालत और पुलिस की पहल
इससे पहले, चंडीगढ़ पुलिस ने अदालत में अर्जी दायर कर शव का पोस्टमार्टम कराने की अनुमति मांगी थी। परिवार के सहयोग नहीं करने पर अदालत ने पत्नी को नोटिस जारी किया था। जांच अधिकारी और पुलिस अधिकारियों ने कई बार परिवार से अनुरोध किया था, पर सहमति न मिलने पर कानूनी रास्ता अपनाना पड़ा।
प्रदर्शन स्थगित, आगे की रणनीति तय होगी
एडीजीपी पूरण कुमार मामले में बनी 31 सदस्यीय समिति के सदस्य रेशम सिंह ने बताया कि सेक्टर-17 से तय पैदल मार्च रद्द कर दिया गया है। समिति आगे की कार्रवाई पर जल्द बैठक करेगी।
इसे भी पढ़ें : प्रशांत किशोर ने किया चौंकाने वाला ऐलान : इस साल नहीं लड़ेंगे बिहार चुनाव

