अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड के कुख्यात अपराधी मयंक सिंह उर्फ सुनील सिंह मीणा को अजरबैजान से प्रत्यर्पण के बाद आज यानी शनिवार सुबह रांची लाया गया। झारखंड पुलिस की ATS (आतंकवाद निरोधक दस्ता) की टीम ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मयंक को बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर उतारा। इसके बाद उसे पूछताछ के लिए ATS मुख्यालय ले जाया गया।
ATS के अनुसार मयंक सिंह के खिलाफ रामगढ़ के पतरातू (भदानीनगर) थाने में दर्ज मामले (कांड सं. 175/22) के आधार पर कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किया गया था। इसके बाद इंटरपोल द्वारा उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया। 29 अक्टूबर 2024 को अजरबैजान पुलिस ने मयंक को हिरासत में लिया था।
झारखंड ATS ने गृह मंत्रालय के माध्यम से अजरबैजान को प्रत्यर्पण डोजियर सौंपा, जिसके बाद बाकू अपराध न्यायालय में मुकदमा चला। 27 जनवरी 2025 को अजरबैजान की अदालत ने मयंक सिंह के भारत प्रत्यर्पण को मंजूरी दी। सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ATS की टीम उसे भारत लेकर आई।
मयंक सिंह पर रंगदारी, लेवी वसूली, आर्म्स एक्ट, हत्या का प्रयास सहित 50 से अधिक मामले दर्ज हैं। वह लॉरेंस बिश्नोई और मृतक अमन साहू गैंग से भी जुड़ा रहा है। अब उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां रिमांड की मांग की जाएगी। झारखंड पुलिस लंबे समय से इस अपराधी की तलाश में थी, और उसका प्रत्यर्पण एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
इसे भी पढ़ें : भोरे-भोर लोगों की चीख चीत्कार से दहल उठा राजधानी का यह इलाका… जानें क्यों

