अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Mumbai : उद्योगपति अनिल अंबानी की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के बाद अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने भी उनके ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, सीबीआई की टीम ने शनिवार सुबह करीब 7 बजे अनिल अंबानी के कफ परेड सीविंड स्थित आवास पर छापेमारी शुरू की। इस दौरान 7 से 8 अधिकारी उनके घर पर मौजूद दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं। छापेमारी के समय अनिल अंबानी और उनका परिवार घर पर ही मौजूद था।
क्या है मामला
यह कार्रवाई ₹17,000 करोड़ के बैंक लोन धोखाधड़ी मामले से जुड़ी हुई है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2017 से 2019 के बीच यस बैंक द्वारा अनिल अंबानी की कंपनियों को संदिग्ध तरीके से लोन ट्रांसफर किया गया था। इस मामले में एसबीआई को करीब ₹2,000 करोड़ का नुकसान भी हुआ है।
सीबीआई को संदेह है कि यस बैंक और अंबानी समूह की कंपनियों के बीच हुए पैसों के लेन-देन में गंभीर गड़बड़ियां और रिश्वतखोरी के संकेत हैं। इसी सिलसिले में टीम अंबानी के घर और अन्य कार्यालयों से संबंधित दस्तावेज खंगाल रही है।
ईडी की जांच में क्या निकला
इससे पहले ईडी ने भी अनिल अंबानी और उनकी कंपनियों पर शिकंजा कसा था। ईडी ने जुलाई में मुंबई स्थित 35 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की थी। यह छापेमारी रिलायंस ग्रुप से जुड़ी 50 व्यावसायिक कंपनियों और 25 व्यक्तियों पर की गई थी।
ईडी की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए थे, जिनमें –
- बिना सत्यापन वाले स्रोतों से कंपनियों को लोन जारी करना,
- कई कंपनियों का एक ही पता और डायरेक्टर होना,
- लोन फाइलों में जरूरी दस्तावेजों की कमी,
- शेल कंपनियों के नाम पर लोन की मंजूरी,
- पुराने कर्ज चुकाने के लिए नया कर्ज लेना।
दो एफआईआर दर्ज
सीबीआई ने इस मामले में पहले ही दो एफआईआर दर्ज कर ली थीं। इन्हीं एफआईआर के आधार पर अब तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में आगे और भी नाम और नए तथ्य सामने आ सकते हैं।
मुश्किलें बढ़ीं
जानकारों का मानना है कि सीबीआई की इस कार्रवाई के बाद अनिल अंबानी की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। पहले ही ईडी की पूछताछ और छापेमारी से वे घिरे हुए थे, अब सीबीआई की जांच से उन पर कानूनी शिकंजा और कस सकता है। कुल मिलाकर, 17 हजार करोड़ रुपये के कथित बैंक लोन घोटाले में अनिल अंबानी और उनकी कंपनियां जांच एजेंसियों के रडार पर आ चुकी हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
इसे भी पढ़ें : भोरे-भोर लोगों की चीख चीत्कार से दहल उठा राजधानी का यह इलाका… जानें क्यों

