अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : हजारीबाग जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां दुर्गा पूजा विसर्जन जुलूस के दौरान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की बहू प्रीति किस्को और उनके ड्राइवर के साथ मारपीट और बदसलूकी की गई।
घटना अमृत नगर पूजा पंडाल के पास उस वक्त हुई जब प्रीति किस्को अपनी गाड़ी से रांची लौट रही थीं। विसर्जन जुलूस के चलते सड़क पर भारी भीड़ थी, और उनकी गाड़ी वहीं फंस गई। बताया जा रहा है कि ड्राइवर ने लोगों से रास्ता खाली करने की गुजारिश की, लेकिन इसी बीच भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने विवाद शुरू कर दिया और ड्राइवर के साथ मारपीट करने लगे।
प्रीति किस्को ने खुद सामने आकर बताया कि जब उन्होंने अपने ड्राइवर को बचाने की कोशिश की तो उनके साथ भी गाली-गलौज और बदतमीजी की गई। उन्होंने कहा, “मैं तीसरी से अपने ससुराल से लौट रही थी। अमृत नगर में यह सब हुआ। पहले मेरे ड्राइवर को बुरी तरह पीटा गया, फिर मुझे भी अपशब्द कहे गए।”
घटना के बाद इस मामले की शिकायत थाने में की गई और पूजा समिति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई है। वहीं, जब मीडिया ने इस घटना पर थाना प्रभारी से प्रतिक्रिया मांगी, तो उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
प्रीति किस्को खुद एक सरकारी अधिकारी हैं और फिलहाल पलामू में जिला आपूर्ति पदाधिकारी (DSO) के रूप में तैनात हैं। ऐसे में इस घटना ने प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के बाद मामला राजनीतिक रूप भी लेता दिखाई दे रहा है, क्योंकि यह राज्य के प्रमुख विपक्षी नेता के परिवार से जुड़ा है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है, लेकिन इलाके में चिंता और नाराजगी का माहौल है।
Also Read : राशिफल @ 03 अक्टूबर 2025… आज क्या कहता है आपका भाग्य… जानें

