अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : देशभर के बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच रविवार रात चली लंबी बातचीत के बाद प्रस्तावित बैंक हड़ताल को टालने का फैसला लिया गया है। रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे दोनों पक्षों के बीच अहम बैठक शुरू हुई थी। इस बैठक में बैंक यूनियनों की मांगों और बैंक सुधारों से जुड़े कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। देर रात तक चले विचार-विमर्श के बाद कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बनी, जिसके बाद यूनियन ने अपना आंदोलन और तीन दिन की हड़ताल का फैसला वापस ले लिया।

शनिवार की छुट्टी पर बनेगी हाई लेवल कमेटी
बैंक कर्मचारियों की सबसे प्रमुख मांगों में से एक सभी शनिवार को छुट्टी घोषित करने का मामला था। इस मुद्दे पर दोनों पक्षों ने बीच का रास्ता निकालने का फैसला किया है। इसके लिए आईबीए और यूएफबीयू के प्रतिनिधियों को मिलाकर एक हाई लेवल कमेटी बनाई जाएगी। यह कमेटी सभी जरूरी विकल्पों पर गौर करेगी और संबंधित पक्षों से बात करके ऐसा फॉर्मूला तैयार करेगी जिससे आम ग्राहकों को परेशानी न हो और कर्मचारियों की बात भी रह जाए। कमेटी की कोशिश ऐसा हल तलाशने की होगी जो बैंक यूनियनों और ग्राहकों, दोनों के लिए मुफीद साबित हो।
पीएलआई स्कीम और पुराने मुद्दों पर भी आगे बढ़ेगी बात
बैठक में स्केल चार और उससे ऊपर के बैंक अफसरों के लिए परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव यानी पीएलआई स्कीम को लेकर भी बातचीत हुई। इस स्कीम पर यूनियनों और एसोसिएशनों ने जो आपत्तियां और सुझाव रखे थे, उन्हें ध्यान में रखते हुए नियमों में बदलाव का प्रस्ताव सरकार को भेजने पर सहमति बनी है। इसके साथ ही 8 मार्च 2024 की बैठक के मिनट्स में दर्ज बाकी बचे मुद्दों को सुलझाने के लिए भी दोनों पक्षों के बीच जल्द आगे की बातचीत शुरू होगी। इन तमाम बिंदुओं पर सहमति बनने के बाद यूएफबीयू ने हड़ताल टालने का आधिकारिक ऐलान कर दिया, जिससे बैंकों का कामकाज अब सामान्य रूप से जारी रहेगा।
इसे भी पढ़ें : कुड़ु में खौफ का नंगा नाच, कुख्यात राहुल सिंह ने ली जिम्मेदारी



