अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव बुधवार को समस्तीपुर जिले में चुनावी प्रचार का बिगुल फूंकेंगे। वे दिनभर में तीन विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग सभाएं कर आरजेडी प्रत्याशियों के पक्ष में वोट की अपील करेंगे।
पहला कार्यक्रम मोहिउद्दीन नगर में
राजद जिला अध्यक्ष (दक्षिणी) राजेश्वर महतो ने बताया कि तेजस्वी यादव का पहला कार्यक्रम सुबह 10 बजे मोहिउद्दीन नगर हाई स्कूल मैदान में होगा।
यहां वे आरजेडी उम्मीदवार एज्या यादव के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। मोहिउद्दीन नगर को यादव बहुल इलाका माना जाता है, इसलिए बड़ी भीड़ जुटने की उम्मीद है।
दूसरी सभा सरायरंजन में आयोजित होगी
पहली सभा के बाद तेजस्वी यादव सरायरंजन विधानसभा पहुंचेंगे, जहां कांचा हाई स्कूल मैदान में वे अरविंद साहनी के लिए प्रचार करेंगे।
राजद कार्यकर्ताओं ने यहां सभा की तैयारियां पूरी कर ली हैं और भीड़ जुटाने के लिए गांव-गांव संपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
तीसरी सभा दोपहर में जितवारपुर में
दोपहर 12 बजे तेजस्वी यादव की तीसरी सभा जितवारपुर हाउसिंग बोर्ड मैदान में होगी। यहां वे अख्तरुल इस्लाम शाहीन के समर्थन में मतदाताओं को संबोधित करेंगे।
यह वही मैदान है जहां वे पहले “बिहार अधिकार यात्रा” के दौरान भी पहुंचे थे, उस समय भी बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी थी।
सभा स्थलों पर सुरक्षा कड़ी
राजद कार्यकर्ताओं ने तीनों स्थानों पर मंच और जनसभा की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
वहीं, प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल की तैनाती की है ताकि सभाएं शांति और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकें।



