अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में बोर्ड परीक्षाओं के दौरान पेपर लीक और सुरक्षा में सेंधमारी पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश के बाद बिहार विद्यालय परीक्षा समिति राज्य के 29 जिलों में हाईटेक वज्रगृह यानी स्ट्रॉन्ग रूम और परीक्षा भवनों का निर्माण कराने जा रही है। इस पूरी परियोजना पर लगभग 33.07 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। योजना के पहले चरण के तहत 12 जिलों में निर्माण कार्य के लिए प्रशासनिक स्वीकृति दे दी गई है। प्रत्येक भवन को एक से डेढ़ एकड़ जमीन पर तैयार किया जाएगा।
प्रश्न पत्रों की सुरक्षा होगी पुख्ता, कदाचार पर लगेगी लगाम
अब तक कई जिलों में परीक्षाओं के गोपनीय प्रश्न पत्र रखने और परीक्षा संचालन के लिए पुख्ता बुनियादी ढांचे की कमी महसूस की जा रही थी। नए वज्रगृह और परीक्षा भवन बनने के बाद प्रश्न पत्रों और अन्य गोपनीय सामग्रियों के सुरक्षित भंडारण की ठोस व्यवस्था होगी। इससे परीक्षा संचालन का ढांचा मजबूत होगा और राज्य भर में कदाचार मुक्त माहौल में परीक्षाएं आयोजित करने में सीधी मदद मिलेगी। समिति का मानना है कि इस व्यवस्था से परीक्षा के दिन केंद्रों तक प्रश्न पत्र पहुंचाने और उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित जमा करने की प्रक्रिया भी पहले से अधिक आसान और सुरक्षित हो जाएगी।
पहले चरण में इन 12 शिक्षण संस्थानों में शुरू होगा काम
तकनीकी मंजूरी मिलने के बाद पहले चरण में जिन 12 जगहों पर निर्माण कार्य शुरू करने की हरी झंडी दी गई है, उनके नाम तय कर लिए गए हैं। इनमें रोहतास के सासाराम स्थित श्री शंकर उच्च माध्यमिक विद्यालय तकिया, लखीसराय के रामगढ़ चौक स्थित प्लस टू श्री ढ़ेरनाथ महादेव उच्च विद्यालय शरमा, बेगूसराय का राजकीय बुनियादी विद्यालय विष्णुपुर और सीतामढ़ी के डुमरा स्थित मध्य विद्यालय बरियारपुर शामिल हैं।
इसके अलावा पूर्वी चंपारण के मोतिहारी स्थित पीएम श्री जिला स्कूल, वैशाली के भगवानपुर स्थित आदर्श उच्च विद्यालय सराय, कैमूर के भभुआ स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय रतवार, नालंदा के राजगीर स्थित आरडीएस प्लस टू विद्यालय, जमुई के जमुई बाजार स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय, कटिहार के दर्शन साह महाविद्यालय, नवादा के कन्हाई इंटर विद्यालय और मधेपुरा के भूपेन्द्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय परिसर में ये भवन बनाए जाएंगे। बाकी बचे 17 जिलों में भी औपचारिकताएं पूरी होते ही अगले चरण में निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : भीमबांध में आदिवासियों के बीच जमीन पर बैठे सीएम सम्राट, बोले- सब काम होंगे पूरे

