अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Hazaribagh : हजारीबाग जिले में साइबर अपराध पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके पास से ATM कार्ड, मोबाइल फोन, नकदी और दो कारें बरामद की हैं। यह कार्रवाई 16 नवंबर की शाम गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
काले रंग की कार में जमा कर रहे थे ATM कार्ड
शाम करीब 7 बजे हजारीबाग SP अंजनी अंजन को सूचना मिली कि बिहार नंबर की काली चारपहिया गाड़ी में सवार दो लोग मुफसिल थाना क्षेत्र के डुमर गांव में ग्रामीणों से बैंक खाते और ATM कार्ड ले रहे हैं। जांच में सामने आया कि इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी के लिए किया जा रहा था।
जंगल के पास रोकी गई दो संदिग्ध गाड़ियां
सूचना मिलते ही सदर SDPO अमित आनंद के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने सरौनी खुर्द जंगल के पास दो गाड़ियों—हुंडई ALCAZAR (BR02BG–7005) और ब्रेज़ा (JH10DE–5254) को रोका।
ALCAZAR से दो आरोपी राजू वर्मा और शिवा कुमार को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में 19 ATM कार्ड, कई बैंक दस्तावेज और ₹1,50,000 नकद मिले। दोनों ने कबूला कि वे अलग-अलग लोगों से ATM कार्ड झांसा देकर लेते हैं और साइबर गिरोह के भेजे पैसे निकालकर कमीशन पर देते हैं।
दो और आरोपी धराए, पूरा गिरोह उजागर
पहले गिरफ्तार आरोपियों की जानकारी के आधार पर पुलिस ने दो और साइबर ठग मो. जाकिर अंसारी (गिरिडीह) और तस्लीम अंसारी (देवघर)
को भी गिरफ्तार कर लिया। चारों पेशेवर साइबर अपराधी बताए जा रहे हैं।
ये सामान हुए जब्त
पुलिस ने चारों शातिर बदमाशों के पास से 11 स्मार्टफोन, 06 सिम कार्ड, 19 ATM/डेबिट कार्ड, दो गाड़ियां (ALCAZAR और ब्रेज़ा) और ₹1.5 लाख कैश जब्त किए।
कांड दर्ज, सभी आरोपी न्यायिक हिरासत में
मुफसिल थाना में कांड संख्या 192/25 दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। हजारीबाग पुलिस ने कहा कि जिले में साइबर अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इसे भी पढ़ें : जिस्मानी मोहब्बत की बलि चढ़ गया दो मासूम बच्चों का बाप

