अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamtara : जामताड़ा के करमाटांड़ प्रखंड के शेखपुरा गांव के पास बीती रात एक चलती कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में मारुति सुजुकी ब्रेजा धू-धू कर जलने लगी और देखते ही देखते पूरी कार राख में बदल गई। राहत की बात यह रही कि कार में सवार तीनों लोग समय रहते बाहर निकल गए। अगर थोड़ी भी देर होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
रास्ते में अचानक निकला धुआं
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे एक ब्रेजा कार चित्रा से जामताड़ा की ओर जा रही थी। जब कार शेखपुरा गांव के पास पहुंची, तभी वाहन से धुआं निकलने लगा। शुरुआत में लोगों को लगा कि शायद इंजन में कोई मामूली खराबी है, लेकिन कुछ ही सेकेंड में हालात बदल गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धुआं निकलने के बाद कार के अगले हिस्से से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
चालक ने दिखाई समझदारी
कार चला रहे चालक ने जैसे ही वाहन में गड़बड़ी महसूस की, उसने तुरंत कार को सड़क किनारे रोक दिया। उसने बिना समय गंवाए कार में बैठे अन्य लोगों को बाहर निकलने के लिए कहा। तीनों लोग सुरक्षित बाहर निकल गए। ग्रामीणों का कहना है कि चालक ने अगर थोड़ी भी लापरवाही की होती तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार जलने लगी।
आग बुझाने की कोशिश बेकार गई
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश भी की। किसी ने पानी लाया तो किसी ने मिट्टी डालकर आग रोकने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि उस पर काबू नहीं पाया जा सका। लोगों के सामने ही पूरी कार जलती रही और कुछ देर बाद सिर्फ उसका ढांचा बचा रह गया।
सड़क पर मची अफरा-तफरी
चलती कार में आग लगने की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सड़क से गुजर रहे लोग रुककर घटना देखने लगे। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार काफी दूर से दिखाई दे रहा था। कुछ देर के लिए सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
पुलिस पहुंची, जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी के कारण कार में आग लगी होगी। हालांकि आग लगने की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगी।
इसे भी पढ़ें : झारखंड में घुसपैठ पर बाबूलाल का हमला, बोले- वोट बैंक के लिए हो रहा खेल

