अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में विधानसभा चुनाव की तैयारियां अब लगभग पूरी हो चुकी हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार आज पटना में एक अहम बैठक करेंगे। इस बैठक में चुनाव से जुड़ी एजेंसियों और सुरक्षा बलों के अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। बैठक के बाद वे मीडिया से बातचीत भी करेंगे।
CEC ने इससे पहले बिहार के सभी बड़े अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की थी। चुनाव को कितने चरणों में कराया जाए, इस पर अलग-अलग पार्टियों ने अपने सुझाव दिए हैं।
भाजपा और राजद ने दो चरणों में चुनाव कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे मतदाताओं को सुविधा होगी और उम्मीदवारों का खर्च भी कम होगा। वहीं जेडीयू चाहती है कि बिहार में एक ही चरण में चुनाव हो, क्योंकि राज्य में अब कानून-व्यवस्था या नक्सल जैसी कोई बड़ी समस्या नहीं है।
बैठक में कुछ और सुझाव भी सामने आए। राजद ने कहा कि पोस्टल बैलट की गिनती के समय वीडियो रिकॉर्डिंग होनी चाहिए और एक ही परिवार के वोटर का नाम एक ही बूथ पर होना चाहिए। राजद ने यह भी आरोप लगाया कि महिलाओं के खाते में चुनाव से पहले पैसे भेजना एक तरह का लालच है, जिसे रोका जाना चाहिए।
भाजपा ने सुरक्षा को लेकर आयोग से कहा कि अति पिछड़े इलाकों और संवेदनशील बूथों पर पैरामिलिट्री फोर्स तैनात की जाए। खासकर दियारा, नदी और तालाब वाले क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की मांग की गई।
चुनाव आयोग ने EVM, वीवीपैट और बूथ की तैयारियों की भी जांच की है।

