अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि फायर ब्रिगेड के जवान हर हाल में लोगों की मदद के लिए तैयार रहते हैं। आग जैसी खतरनाक स्थिति में भी ये बिना डर के काम करते हैं और कई बार अपनी जान की भी परवाह नहीं करते। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मियों का योगदान बहुत बड़ा है और समाज को हमेशा इन पर गर्व होना चाहिए। मौका था ‘अग्निशमन सेवा सप्ताह’ कार्यक्रम के शुभारंभ का। कार्यक्रम को लेकर गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवा के डीजी एमएस भाटिया ने सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान ‘अग्निशमन सेवा सप्ताह’ के मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री को बैज लगाकर सम्मानित किया। सीएम ने भी इस अवसर पर सभी अग्निशमन कर्मियों को शुभकामनाएं दीं और उनके जज्बे को सलाम कर काम की तारीफ की।

लोगों को जागरूक करना भी जरूरी
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि ‘अग्निशमन सेवा सप्ताह’ सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि लोगों को आग से बचाव के लिए जागरूक करने का अच्छा मौका है। अगर लोग पहले से सतर्क रहें, तो कई हादसों को टाला जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गांव और शहर दोनों जगह लोगों को जागरूक किया जाए।

सरकार संसाधन मजबूत करने में जुटी
सीएम ने यह भी साफ किया कि राज्य सरकार अग्निशमन विभाग को और मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। बेहतर उपकरण, ट्रेनिंग और सुविधाएं दी जा रही हैं ताकि आपदा के समय तेजी से राहत और बचाव का काम हो सके।
सम्मान और प्रेरणा का माहौल
इस पूरे कार्यक्रम में अग्निशमन सेवा से जुड़े लोगों के प्रति सम्मान का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि आगे भी ये जवान इसी तरह लोगों की सुरक्षा में पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करते रहेंगे।
इसे भी पढ़ें : 2029 तक तपोवन मंदिर का दिखेगा भव्य रूप, सीएम हेमंत ने दिया भरोसा



