अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची में नगर निगम चुनाव को लेकर सुबह से ही हलचल रही। इसी बीच सीएम हेमंत सोरेन अपनी पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ हरमू स्थित संत कुलदीप स्कूल पहुंचे। यहां वार्ड नंबर 26 के मतदान केंद्र संख्या 7 पर उन्होंने अपना वोट डाला। सीएम को देखने के लिए वहां मौजूद लोगों और समर्थकों की हल्की भीड़ भी जुट गई। सुरक्षा के बीच उन्होंने शांत तरीके से मतदान किया और बाहर निकलकर लोगों का अभिवादन भी किया।
“घर से निकलें, वोट जरूर करें”
मतदान के बाद सीएम ने मीडिया से बातचीत में कहा कि लोकतंत्र का यह सबसे बड़ा पर्व है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे घरों से निकलें और अपने मताधिकार का इस्तेमाल जरूर करें। उनका कहना था कि एक बेहतर शहर और बेहतर जनप्रतिनिधि के लिए मतदान बेहद जरूरी है। उन्होंने खासकर युवाओं और पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं से आगे आने की अपील की।

11 बजे तक कम दिखी वोटिंग
इस बीच 11 बजे तक के मतदान प्रतिशत को लेकर राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में अब तक मतदान की रफ्तार थोड़ी धीमी नजर आ रही है। उन्होंने भी लोगों से अपील की कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदान केंद्र पहुंचें, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया मजबूत हो सके।
बूथ के बाहर हल्की झड़प, अंदर सब सामान्य
कुछ जगहों से बूथों के बाहर छिटपुट घटनाओं की खबरें आईं। इस पर निर्वाचन आयुक्त ने साफ कहा कि किसी भी मतदान केंद्र के अंदर गड़बड़ी की सूचना नहीं है। जो भी घटनाएं सामने आई हैं, वे बूथ परिसर के बाहर प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच हुई हैं। प्रशासन हालात पर नजर रखे हुए है। पुलिस और दंडाधिकारी तैनात हैं और शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए पूरी सतर्कता बरती जा रही है।
जारी है मतदान प्रक्रिया
फिलहाल राजधानी में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। प्रशासन का कहना है कि सभी संवेदनशील बूथों पर विशेष नजर रखी जा रही है। अब देखना है कि दोपहर बाद मतदान प्रतिशत में कितनी बढ़ोतरी होती है।
इसे भी पढ़ें : शहर की सरकार चुनने का दिन आज, उत्साहित वोटर्स डाल रहे वोट



