अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Muzaffarpur : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को विधानसभा चुनाव प्रचार की औपचारिक शुरुआत मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर और कांटी से की। इस दौरान आयोजित जनसभा में उन्होंने राजग प्रत्याशियों के समर्थन में जनता से वोट देने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को फिर से पिछड़ने नहीं देना है। “विकास के काम को याद रखिए, अफवाहों में मत आइए।”
“पांच साल में देंगे एक करोड़ युवाओं को रोजगार”
नीतीश कुमार ने मंच से बड़ा वादा करते हुए कहा कि उनकी सरकार आने वाले पांच वर्षों में राज्य के एक करोड़ युवाओं को रोजगार और नौकरी के अवसर देगी। उन्होंने कहा कि 2005 से पहले बिहार की हालत बहुत खराब थी। लोग शाम को घरों से निकलने से डरते थे, लेकिन आज बिहार में सड़कों, बिजली और शिक्षा के क्षेत्र में जबरदस्त सुधार हुआ है।
#Live: जद (यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी की चुनावी जनसभा।
कांटी , मुजफ्फरपुर#jdu #biharelection2025 #Bihar #Muzaffarpur #NitishKumar #25se30firsenitishhttps://t.co/a0Kj0vljPh
— Janata Dal (United) (@Jduonline) October 21, 2025
मंच पर नीतीश का मजेदार अंदाज
सभा के दौरान एक दिलचस्प वाकया भी देखने को मिला। जब नीतीश कुमार ने भाजपा उम्मीदवार रमा निषाद को माला पहनाने के लिए हाथ बढ़ाया, तो बगल में खड़े राज्यसभा सदस्य संजय झा ने उनका हाथ पकड़ लिया। इस पर मुस्कुराते हुए नीतीश बोले – “ई गजब आदमी है भाई, हाथ काहे पकड़ते हो!” उनकी यह बात सुनकर मंच पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं की हंसी छूट गई और तालियां बजने लगीं।
रमा निषाद पर भाजपा ने जताया भरोसा
रमा निषाद, पूर्व सांसद अजय निषाद की पत्नी हैं। भाजपा ने इस बार औराई विधानसभा सीट से उन्हें उम्मीदवार बनाया है, जबकि मौजूदा विधायक और पूर्व मंत्री रामसूरत राय की जगह उन पर भरोसा जताया गया है।

भारी भीड़ और जोश
मीनापुर और कांटी दोनों जगह आयोजित सभाओं में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। मंच पर राजग के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए और मुख्यमंत्री के भाषण के दौरान “फिर नीतीश, फिर एनडीए” के नारे गूंजते रहे।

इसे भी पढ़ें : प्रशांत किशोर का BJP पर हमला… “डर गई है भाजपा, प्रत्याशियों को धमका रही है”

