अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 10 लाख महिलाओं के बैंक खाते में 10-10 हजार रुपये ट्रांसफर किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार उद्यमी महिलाओं को बीच में कभी नहीं छोड़ेगी और उन्हें लगातार मदद प्रदान करती रहेगी। जो महिलाएं अपना रोजगार बढ़ाएंगी, उन्हें दो लाख रुपये तक आर्थिक सहायता दी जाएगी।
अब तक 1 करोड़ 56 लाख महिलाओं को मदद
सीएम ने बताया कि इससे पहले एक करोड़ 46 लाख महिलाओं को यह राशि दी जा चुकी है। आज की सहायता के बाद कुल 1 करोड़ 56 लाख महिलाओं को योजना का लाभ मिलेगा। इस योजना की मदद से कई महिलाओं ने अपना रोजगार शुरू किया है और अब उन्हें और मदद दी जाएगी।
महिला सशक्तिकरण पर लगातार जोर
नीतीश कुमार ने कहा कि अब अगले महीने तक सभी परिवारों की महिलाओं को सहायता राशि दी जाएगी। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि महिला सशक्तिकरण पर बिहार सरकार हमेशा से ध्यान दे रही है। 2006 में पंचायतों में महिलाओं के लिए आरक्षण शुरू किया गया। 2007 में नगर निकाय में 50% आरक्षण दिया गया। 2013 में पुलिस में और 2016 में सभी सरकारी नौकरियों में 35% आरक्षण लागू किया गया।
स्वयं सहायता समूहों का सशक्तिकरण
सीएम ने कहा कि पहले बिहार में स्वयं सहायता समूह कमजोर थे। 2006 में विश्व बैंक से सहयोग लेकर राज्य में इनका गठन किया गया और इसे ‘जीविका’ नाम दिया गया। अब 1 करोड़ 40 लाख जीविका दीदियों के माध्यम से महिलाओं को मदद मिल रही है। 2024 से शहरी क्षेत्रों में भी इनका विस्तार किया जा रहा है।
महिलाओं के लिए आगे भी मदद का भरोसा
नीतीश कुमार ने साफ कहा कि सरकार महिलाओं के लिए लगातार उपाय करती रहेगी। जो आज 10 लाख महिलाओं के लिए किया गया है, उसे आगे और बढ़ाया जाएगा और महिलाएं कभी अकेली नहीं छोड़ेंगे।

इसे भी पढ़ें : नीतीश सरकार का ऐलान- प्रखंड स्तर पर लगेंगे विशेष राशन कार्ड कैंप



