अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के बेरोजगार ग्रेजुएट युवाओं को आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। इसके तहत 20 से 25 वर्ष की उम्र के कला, विज्ञान और वाणिज्य स्नातक (ग्रेजुएट) बेरोजगार युवाओं को हर महीने 1000 रुपये दिए जाएंगे। यह सहायता अधिकतम दो साल तक दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस योजना की जानकारी गुरुवार को अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर साझा की।
‘मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना’ का हुआ विस्तार
सीएम नीतीश कुमार ने बताया कि यह योजना पहले केवल इंटर पास युवाओं के लिए थी। अब इसका दायरा बढ़ाकर स्नातक (ग्रेजुएट) पास बेरोजगार युवक-युवतियों को भी शामिल किया गया है।
किन्हें मिलेगा लाभ?
इस योजना का लाभ वही युवा ले सकेंगे:
- जिनकी उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच है
- जिन्होंने कला, विज्ञान या वाणिज्य में स्नातक (ग्रेजुएशन) किया हो
- जो कहीं पढ़ाई नहीं कर रहे
- और सरकारी, निजी या स्वरोजगार से जुड़े नहीं हैं
सीएम नीतीश कुमार का बयान
मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारी प्राथमिकता हमेशा से युवाओं को रोजगार और सरकारी नौकरी देना रही है। अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सरकारी और निजी क्षेत्रों में अवसर बढ़ाए जा रहे हैं और युवाओं को कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।”
उन्होंने उम्मीद जताई कि युवा इस भत्ते का उपयोग प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और प्रशिक्षण प्राप्त करने में करेंगे ताकि उनका भविष्य बेहतर बन सके।
युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम
नीतीश कुमार ने इस पहल को सरकार की दूरदर्शी योजना बताया। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य है कि बिहार के शिक्षित युवा आत्मनिर्भर, दक्ष और रोजगारोन्मुखी बनें, और राज्य व देश के विकास में अपना योगदान दे सकें।

