अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड में ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सुबह और शाम तेज ठंड और शीतलहर के कारण लोग ठिठुरने को मजबूर हैं। हालांकि मौसम विभाग की ओर से आज यानी 16 जनवरी शुक्रवार को किसी भी जिले के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। लेकिन विभाग के अनुसार आज राज्य के कुछ इलाकों में हल्के दर्जे का कोहरा देखने को मिलेगा। बीते 24 घंटे में राज्य का मौसम शुष्क रहा। इस दौरान कई जिलों में हल्का कोहरा छाया रहा और कुछ जगहों पर शीतलहर जैसी स्थिति बनी रही।
9 जिलों में 10 डिग्री से नीचे गया तापमान
पिछले 24 घंटे में राज्य के 9 जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। सबसे ठंडा जिला खूंटी रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं डाल्टेनगंज में तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस रहा। इन इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
जमशेदपुर और रांची में भी ठंड का असर
जमशेदपुर में सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही ठंडी हवाओं के कारण ठंड बढ़ी है। हालांकि रांची सहित कई जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी भी दर्ज की गई है। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में रिकॉर्ड किया गया।
अलाव का सहारा ले रहे लोग
ठंड के कारण सुबह और शाम सड़कों पर आवाजाही कम दिखी। गरीब, बुजुर्ग और बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित नजर आए। गुमला समेत कई जिलों में लोग अलाव तापते दिखाई दिए।
कब मिलेगी राहत?
मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। 19 जनवरी के बाद शीतलहर का असर धीरे-धीरे कम होगा और लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत मिलने की उम्मीद है।
इसे भी पढ़ें : “ऐसा नरसं’हार करेंगे, पूरा सिस्टम हिला देंगे”… गैंगस्टर प्रिंस खान का हथियार के साथ वीडियो वायरल



