अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड में कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान ने एक बार फिर कानून व्यवस्था को चुनौती दी है। उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर हथियारों का प्रदर्शन किया और फहीम खान के परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। वीडियो में वह खुले तौर पर कहता नजर आ रहा है कि कानून उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता और इस बार बड़ी वारदात होगी। खुली धमकी देते हुए उसने कहा कि “ऐसा नरसं’हार करेंगे, पूरा सिस्टम हिला देंगे।” (वीडियो में काफी अपशब्द का इस्तेमाल किया गया है, इस चलते उसे हम दिखा नहीं रहे हैं।)
एक से एक हाईटेक हथियार
वीडियो में प्रिंस खान के साथ कई युवक भी नजर आ रहे हैं, जिनके हाथों में हथियार हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद पूरे इलाके में डर और तनाव का माहौल बन गया है। लोग आशंका जता रहे हैं कि धमकी को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में
वीडियो के वायरल होते ही पुलिस और प्रशासन सतर्क हो गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वीडियो की जांच की जा रही है और इसमें दिख रहे लोगों की पहचान की जा रही है। प्रिंस खान और उसके नेटवर्क पर नजर रखी जा रही है।
पहले भी सोशल मीडिया पर धमकी दे चुका है प्रिंस खान
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार प्रिंस खान पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर रंगदारी, हिंसा और अवैध हथियारों से जुड़े आरोप रहे हैं। वह पहले भी सोशल मीडिया के जरिए धमकी भरे संदेश जारी करता रहा है।
इलाके में दहशत, सख्त कार्रवाई की मांग
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि आम जनता सुरक्षित महसूस कर सके। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
इसे भी पढ़ें : जंगल की हरियाली में छिपा नशे का बड़ा जाल ध्वस्त

