अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
New Delhi/Patna : बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन में सीट शेयरिंग का मामला अब भी पूरी तरह सुलझा नहीं है। इसी बीच आज यानी रविवार को दिल्ली में एक अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी समेत कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में महागठबंधन के तहत सीटों के बंटवारे और उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है। कांग्रेस की ओर से कहा गया है कि अब ज्यादा समय नहीं बचा है, इसलिए जल्द से जल्द सीटों पर सहमति बनाकर नामांकन की प्रक्रिया शुरू करनी है।
13 अक्टूबर को सीट शेयरिंग का ऐलान संभव
सूत्रों का कहना है कि महागठबंधन की ओर से 13 अक्टूबर को सीट शेयरिंग का औपचारिक ऐलान किया जा सकता है। आज की बैठक के बाद राहुल गांधी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के बीच भी बैठक हो सकती है।
कांग्रेस को 54 सीटें, 4 और पर दावा
मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस के लिए 54 सीटें तय मानी जा रही हैं। इसके अलावा कांग्रेस 4 और सीटों पर दावा कर रही है- बछवाड़ा, औराई, हरलाखी और मटिहानी। इन सभी सीटों पर वामपंथी दल भी अपना दावा ठोक रहे हैं। बछवाड़ा सीट पर खासतौर पर कांग्रेस और CPI आमने-सामने हैं। कांग्रेस वहां से यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीबदास को टिकट देना चाहती है, वहीं CPI ने अवधेश राय का नाम तय किया है।
RJD-कांग्रेस में भी कई सीटों पर खींचतान
कांग्रेस कहलगांव, बायसी, सहरसा, बहादुरगंज और रानीगंज सीटें चाहती है, लेकिन आरजेडी इन पर समझौते को तैयार नहीं है। ये सीटें आरजेडी की पारंपरिक सीटों में मानी जाती हैं।
VIP पार्टी की शर्तें
उधर, RJD ने विकासशील इंसान पार्टी (VIP) को 14 सीटों की पेशकश की है, लेकिन मुकेश सहनी 25 सीटों और डिप्टी सीएम पद की मांग पर अड़े हुए हैं। उन्होंने वैशाली और हरनौत सीट पर भी दावा जताया है।
कांग्रेस की इमरजेंसी बैठक
शनिवार को कांग्रेस ने अचानक एक इमरजेंसी बैठक बुलाई थी। यह बैठक ऑनलाइन हुई जिसमें दिल्ली से स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य और वरिष्ठ पर्यवेक्षक शामिल हुए। कुछ संभावित उम्मीदवारों को वन-टू-वन चर्चा के लिए बुलाया गया था।
बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा, “आज की बैठक में सभी मुद्दों पर चर्चा होगी। सीट शेयरिंग का फॉर्मूला लगभग तय हो चुका है, अब इसे सिर्फ औपचारिक रूप से साझा करना बाकी है। पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की तैयारी कर ली है।”
इसे भी पढ़ें : बिहार चुनाव को लेकर पवन सिंह ने कर दिया चौंकाने वाला ऐलान… जानें क्या

