अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : नगरपालिका आम चुनाव 2026 को लेकर पाकुड़ में सियासी हलचल तेज हो गई है। नामांकन से लेकर नाम वापसी तक की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब तस्वीर साफ हो चुकी है। समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने साफ शब्दों में कहा कि चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण होंगे, इसमें किसी तरह की ढील नहीं दी जाएगी।
99 प्रत्याशी आजमा रहे किस्मत
डीसी ने बताया कि अंतिम सूची जारी होने के बाद अध्यक्ष पद के लिए 10 और वार्ड सदस्य पद के लिए 89 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। सभी को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए हैं। प्रत्याशियों को मतदान केंद्रों की सूची, पहचान पत्र, अंतिम प्रत्याशी सूची, खर्च का हिसाब रखने के लिए रेड चार्ट, आदर्श आचार संहिता की गाइडलाइन और निर्वाचन अभिकर्ता नियुक्ति से जुड़े जरूरी फॉर्म भी दे दिए गए हैं। साथ ही यह भी बता दिया गया है कि खर्च की जांच कब और कैसे होगी।
कड़ी निगरानी, हर गतिविधि पर नजर
डीसी ने कहा कि चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिले में 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात हैं। इसके अलावा चार फ्लाइंग स्क्वॉड टीम, चार स्टेटिक सर्विलांस टीम, दो बीएसटी, दो वीवीटी और पांच लेखा टीम लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं। चुनावी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम भी बना दिया गया है, जहां से हर गतिविधि की रिपोर्ट ली जा रही है।
बंगाल से आ रही कार से 3.50 लाख नकद जब्त
चुनाव से पहले सख्ती का असर भी दिखा है। जांच अभियान के दौरान एसएसटी टीम ने एक कार से 3 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए। बताया गया कि गाड़ी पश्चिम बंगाल की ओर से आ रही थी। मामले में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आयकर विभाग को सूचना दे दी गई है। प्रशासन का साफ कहना है कि अवैध पैसे के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक रहेगी।
मतदान केंद्र तैयार, प्रशिक्षण पूरा
डीसी ने जानकारी दी कि सभी मतदान केंद्रों का चिन्हांकन कर लिया गया है। मतदान कर्मियों का पहला चरण का प्रशिक्षण भी पूरा हो चुका है। मतगणना के लिए बाजार समिति परिसर में स्ट्रांग रूम तैयार किया जा रहा है, जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। इस बार सभी मतदान केंद्रों को तंबाकू निषेध क्षेत्र घोषित किया गया है, ताकि मतदान के दिन अनुशासन बना रहे।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने सभी प्रत्याशियों, राजनीतिक दलों और मतदाताओं से अपील की है कि वे चुनाव को लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने में सहयोग करें। डीसी मनीष कुमार ने कहा, “हमारी प्राथमिकता साफ है। चुनाव पूरी पारदर्शिता और सख्ती के साथ कराए जाएंगे। किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
इसे भी पढ़ें : राजधानी में 60 साल का बुजुर्ग बना रहा था मौ’त का सामान, कैसे खुला राज… जानें

