अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह के असामयिक निधन से राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है। सीएम हेमंत सोरेन गुरुवार को अपनी पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन के साथ मंत्री के स्मार्ट सिटी स्थित आवास पहुंचे। वहां उन्होंने तृषा सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी। इस दौरान सीएम बेहद भावुक नजर आए और उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढ़स बंधाया।
संतान खोने का दर्द शब्दों से परे : सीएम
आवास पर शोक संतप्त परिजनों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री ने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और उनके परिवार से बात की और गहरी संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी माता-पिता के लिए अपनी संतान को खोने का दर्द सबसे बड़ा होता है, जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। यह पूरे परिवार के लिए एक असहनीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत बेटी की आत्मा को शांति दें और इस कठिन समय में परिवार को यह गहरा आघात सहने की ताकत और हिम्मत प्रदान करें।

विधायक कल्पना सोरेन ने भी अर्पित की श्रद्धांजलि
गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने भी तृषा सिंह के पार्थिव शरीर पर फूल चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह को गले लगाकर सांत्वना दी और परिवार की महिलाओं का हौसला बढ़ाया। आवास पर मौजूद हर शख्स की आंखें नम थीं और माहौल पूरी तरह से गमगीन बना हुआ था।
कई मंत्री, सांसद और वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंचे
दुख की इस घड़ी में सरकार और विपक्ष के कई नेता मंत्री के आवास पर पहुंचे। राज्य मंत्रिमंडल के कई मंत्री, राज्यसभा सांसद, विधायक और राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर तृषा सिंह को श्रद्धांजलि दी। सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से परिवार को संबल देने की प्रार्थना की।
इसे भी पढ़ें : नहीं रहीं मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी, दर्दनाक सड़क हादसे में गई जान



