अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
New Delhi : लाल किले के पास 10 नवंबर 2025 को हुए कार बम विस्फोट की जांच में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने एक और महत्वपूर्ण गिरफ्तारी की है। फरीदाबाद से पकड़ा गया संदिग्ध शोएब इस केस का सातवां आरोपी है। जांच में सामने आया है कि शोएब ने मुख्य आरोपी आतंकी उमर नबी को धमाके से पहले पनाह देने के साथ-साथ उसे लॉजिस्टिक मदद भी उपलब्ध कराई थी।
जानकारी के मुताबिक, उमर नबी धमाके से पहले मेवात और नूंह इलाके में शोएब के घर में ठहरा था। हालांकि, शुरुआती दौर में शोएब को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया था, लेकिन आगे की जांच में उसका रोल महत्वपूर्ण साबित हुआ।
NIA को यह जानकारी आरोपी डॉक्टर मुज्जमिल की निशानदेही पर मिली। उसके बताए अनुसार, टीम ने शोएब के घर से बम बनाने में इस्तेमाल हो सकने वाली ग्राइंडर और कुछ अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की है। इन बरामदियों ने जांच को नई दिशा दी है।
वहीं, दिल्ली पुलिस और NIA दोनों जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस आतंकी नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल था और उनका मकसद क्या था। इस हमले में अब तक 15 लोगों की जान जा चुकी है, जिससे पूरे देश में चिंता और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हुए हैं।
NIA की इस ताज़ा कार्रवाई से उम्मीद है कि जल्द ही इस हमले की पूरी साजिश का पर्दाफाश हो सकेगा।
Also Read : हाथियों के झुंड में मचाया तांडव, कई घरों को किया तहस-नहस



